विज्ञापन

दिल्ली में फ्री बिजली के लिए सिर्फ एक मौका मिलेगा, सब्सिडी के नियमों में बदलाव, नया पोर्टल ला रही सरकार

Delhi Electricity Subsidy Portal: दिल्ली सरकार घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी चुनने के लिए नया पोर्टल लाने जा रही है. दिसंबर के पहले हफ्ते या नए साल की शुरुआत में यह पोर्टल खुल सकता है, जहां उपभोक्ताओं को एक महीने के भीतर सहमति देनी होगी. तय समय में प्रक्रिया पूरी न करने पर पूरे साल सब्सिडी का फायदा रुक सकता है.

दिल्ली में फ्री बिजली के लिए सिर्फ एक मौका मिलेगा, सब्सिडी के नियमों में बदलाव, नया पोर्टल ला रही सरकार
दिल्ली में बिजली सब्सिडी के लिए नया पोर्टल जल्द, एक महीने तक खुला रहेगा विंडो
NDTV
  • दिल्ली सरकार घरेलू बिजली सब्सिडी विकल्प चुनने के लिए एक नया डिजिटल पोर्टल जल्द शुरू करने जा रही है.
  • उपभोक्ताओं को पोर्टल पर खाता नंबर और आधार से सत्यापन कराकर सब्सिडी लेने या छोड़ने का विकल्प चुनना होगा.
  • नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं को हर साल पोर्टल पर जाकर सब्सिडी के लिए अपनी सहमति दर्ज करानी अनिवार्य होगी.
नई दिल्ली:

New Rules for Electricity Subsidy in Delhi: दिल्ली के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी से जुड़ी व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने वाला है. दरअसल, सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली सरकार जल्द ही एक खास पोर्टल शुरू करने जा रही है, जिसके जरिए उपभोक्ता बिजली सब्सिडी लेने या छोड़ने का विकल्प चुन सकेंगे. एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह पोर्टल दिसंबर के पहले हफ्ते में जारी किया जा सकता है. हालांकि कुछ विभागीय तैयारियों और एसओपी (SOP) की मंजूरी की वजह से इसके दिसंबर के आखिर या जनवरी के शुरुआती हफ्ते में लाइव होने की भी चर्चा है. पोर्टल शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को रजिस्ट्रेशन कराने और अपना विकल्प दर्ज करने के लिए एक महीने का वक्त मिलेगा.

 खाता नंबर और आधार से होगा सत्यापन

नई प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को पोर्टल पर लॉगिन करने के लिए अपना 14 अंकों का उपभोक्ता खाता नंबर दर्ज करना होगा और आधार के जरिए सत्यापन कराना होगा. बिजली वितरण कंपनियां उपभोक्ता के खाता विवरण और आधार जानकारी के आधार पर सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा करेंगी. अधिकारियों का कहना है कि एक बार सब्सिडी का विकल्प चुनने के बाद उपभोक्ता यदि चाहें तो बाद में कभी भी स्वेच्छा से इसे छोड़ सकेंगे. इसका मकसद योजना को अधिक पारदर्शी बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि लाभ सही और सक्रिय उपभोक्ताओं तक पहुंचे.

 2022 की शुरुआत से अब तक का सफर

गौरतलब है कि 2022 में तत्कालीन आम आदमी पार्टी सरकार ने सब्सिडी को आवेदन आधारित बनाया था, जिसे बाद में बदलकर ऑटोमेटिक कर दिया गया था. अब नए पोर्टल के जरिए सरकार इस प्रक्रिया को एक व्यवस्थित डिजिटल ढांचे में लाने की तैयारी कर रही है.

 इन उपभोक्ताओं को मिलती है सब्सिडी

मौजूदा व्यवस्था के तहत दिल्ली के घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक बिजली खपत करने पर पूरी सब्सिडी मिलती है. वहीं, 201 से 400 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिलता है. इससे ज्यादा खपत होने पर सामान्य दरों के हिसाब से बिल भरना होता है. नई व्यवस्था में भी पात्रता के मानदंड मौजूदा ढांचे के आसपास ही रहने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली के पार्कों में एक रुपये में स्कूल पिकनिक और 5 हजार में प्रीवेडिंग शूट, जानें क्या है DDA की नई पॉलिसी

 हर साल देनी होगी सहमति

नए नियमों के तहत उपभोक्ताओं को हर साल पोर्टल खुलने पर सब्सिडी लेने के लिए अपनी सहमति दर्ज करानी होगी. इसके लिए तय एक महीने की समय सीमा के भीतर आवेदन करना जरूरी होगा. जो उपभोक्ता निर्धारित समय में यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएंगे, उन्हें अगले एक साल तक सब्सिडी नहीं मिल सकेगी. इसलिए उपभोक्ताओं के लिए पोर्टल खुलने की तारीख, आखिरी तारीख और जरूरी दस्तावेजों को पहले से तैयार रखना बेहद अहम रहेगा.

यह भी पढ़ें- आपके पास कौन सा राशन कार्ड है? जानिए AAY और PHH कार्ड पर हर महीने कितना मिलता है मुफ्त अनाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Electricity Subsidy Scheme, Delhi News, Free Electricity, Delhi Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com