विज्ञापन

प्रयागराज माघ मेले में छावनी जैसी होगी सुरक्षा, एंटी ड्रोन सिस्टम से लेकर 15 जिलों से पुलिस होगी तैनात, रिवर एंबुलेंस की भी व्यवस्था

Prayagraj Magh Mela 2027: प्रयागराज माघ मेले में प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जल, थल और आकाश से सुरक्षा घेरा बनाने के साथ-साथ चिकित्सा सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है.

प्रयागराज माघ मेले में छावनी जैसी होगी सुरक्षा, एंटी ड्रोन सिस्टम से लेकर 15 जिलों से पुलिस होगी तैनात, रिवर एंबुलेंस की भी व्यवस्था
Prayagraj Magh Mela Security
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • प्रयागराज माघ मेले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां तेज.
  • भीड़ को लेकर जल, थल और आकाश से सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है.
  • माघ मेले में पहली बार हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाया जाएगा.

Prayagraj Magh Mela 2027: प्रयागराज माघ मेला का आयोजन जनवरी 2027 में होने वाला है. माघ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी जैसे प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जल, थल और आकाश से सुरक्षा घेरा बनाने के साथ-साथ चिकित्सा सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है. मेले में देश-विदेश से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों और कल्पवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार पुलिस बल की विशेष तैनाती के साथ-साथ पहली बार हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाया जाएगा. इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की भी योजना तैयार की गई है.

पहली बार तैनात होगा हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम

डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव के अनुसार, इस बार मेले में पहली बार हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किया जाएगा, जिसका पायलट परीक्षण देव दीपावली पर किया जा रहा है. 24 घंटे सक्रिय रहने वाला यह सिस्टम संगम क्षेत्र के करीब छह किलोमीटर के दायरे में बिना अनुमति उड़ने वाले ड्रोन को निष्क्रिय कर देगा. पहले चरण में संगम क्षेत्र तथा इसके बाद झूंसी और नागवासुकी क्षेत्रों में भी इसे लगाया जाएगा. यह प्रणाली लेजर बीम के जरिए हार्ड किल और सॉफ्ट किल दोनों तरीकों से काम करती है. मेला क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के लिए मॉडल, उद्देश्य, स्थान और समय बताकर पुलिस से पहले ही अनुमति लेनी होगी.

15 जिलों से तैनात होंगे अतिरिक्त पुलिसकर्मी

कानून-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने 15 जिलों और पीएसी की 15वीं वाहिनी (आगरा) से कुल 32 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी का आदेश जारी किया है, जो 14 जनवरी से 6 मार्च 2027 तक तैनात रहेंगे. इस दल में 4 निरीक्षक, 8 उपनिरीक्षक, 14 मुख्य आरक्षी और 6 आरक्षी शामिल हैं, जिन्हें चित्रकूट, बांदा, कानपुर नगर, अलीगढ़, मीरजापुर, महोबा, सुल्तानपुर, चंदौली, कौशांबी, फतेहपुर, हमीरपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, झांसी और लखनऊ से भेजा जा रहा है.

दो अस्थायी अस्पताल और 50 एंबुलेंस और रिवर एंबुलेंस की व्यवस्था

चिकित्सा सेवाओं के तहत स्वास्थ्य विभाग काली रोड और तुलसी मार्ग में 20-20 बेड के दो अस्थायी अस्पताल बनाएगा. यहां फिजिशियन, महिला एवं प्रसूति रोग, बाल रोग व दंत चिकित्सकों के साथ एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच और प्रसव की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके अतिरिक्त, 12 फर्स्ट एड पोस्ट में से दो को अपग्रेड कर 5 बेड, 6 डॉक्टर, 3 फार्मासिस्ट और 3 वार्ड बॉय तैनात किए जाएंगे, जबकि सामान्य पोस्ट में 1 बेड और 3 डॉक्टर रहेंगे. आपात स्थिति में त्वरित मदद के लिए मेला क्षेत्र में 50 एंबुलेंस और नदी क्षेत्र के लिए 2 रिवर एंबुलेंस भी तैनात की जाएंगी.

यह भी पढ़ें | हरिद्वार अर्द्धकुंभ में सुरक्षा की तैयारी, 6 राज्यों की फोर्स होगी तैनात, पहुंच सकते हैं 21 करोड़ श्रद्धालु

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prayagraj Magh Mela, Prayagraj Magh Mela 2027, Prayagraj Magh Mela News, Magh Mela Security, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com