हर कोई अपने घर के अंदर, छत पर या फिर बालकनी में पौधे लगाता है ताकि घर का वातावरण अच्छा रहे और घर में हरियाली बनी रहे. लेकिन पौधों की सही देखभाल नहीं होने के चलते बहुत से पौधे मर जाते हैं. बार-बार नए पौधे खरीदने में पैसे भी खर्च होते हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि आपको पौधों की अच्छी ग्रोथ और हेल्दी रहे तो घर पर ही एक आसान सा तरीका आपकी मदद कर सकता है. दरअसल, हर किसी के घर में चावल बनते हैं और अक्सर हम चावल धोने के बाद बचा हुआ पानी बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ये पानी पौधों के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है. चावल के पानी में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो पौधों की वृद्धि और विकास में मदद करते हैं. ये एक तरह की प्राकृतिक खाद की तरह काम करता है और पौधों को हेल्दी, हरा-भरा और मजबूत बनाए रखने का काम करता है. चलिए आपको बताते हैं पौधों में चावल का पानी डालने से क्या होता है और पौधों में चावल का पानी कैसे डालें.
चावल का पानी पौधों के लिए क्यों फायदेमंद है?
यूट्यूब पर @Lakshyagarden नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में पौधों में चावल का पानी डालने का तरीका और फायदा बताया है. चावल धोने के दौरान पानी में कई पोषक तत्व घुल जाते हैं. इसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटेशियम जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो पौधों की अच्छी वृद्धि के लिए जरूरी माने जाते हैं. यही कारण है कि चावल का पानी पौधों को पोषण देने में मदद करता है.
जड़ों को बनाता है मजबूत
चावल के पानी में मौजूद कुछ लाभकारी तत्व पौधों की जड़ों के विकास में सहायता करते हैं. मजबूत जड़ें पौधों को मिट्टी से अधिक पोषक तत्व और पानी लेने में मदद करती हैं, जिससे उनकी ग्रोथ बेहतर होती है. चावल के पानी में स्टार्च भी मौजूद होता है, जो पौधों की ऊर्जा प्रक्रिया में सहायक माना जाता है. इससे पौधे हेल्दी रहते हैं और उनकी पत्तियां अधिक हरी और चमकदार दिखाई देती हैं.
चावल के पानी का सही इस्तेमाल कैसे करें?
चावल धोने के बाद बचा हुआ पानी सबसे उपयोगी माना जाता है. इस पानी को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय लगभग 5 गुना सादे पानी में मिलाकर पतला कर लें. इसके बाद इसे पौधों की जड़ों में डाल सकते हैं. आप चाहें तो चावल के पानी को 4 से 5 दिनों तक ढक्कन वाले बर्तन में रखकर हल्का फर्मेंट भी कर सकते हैं. इसके बाद ये और अधिक प्रभावी जैविक खाद की तरह काम करता है.
किन बातों का ध्यान रखें?
- गर्म चावल का पानी पौधों में बिल्कुल न डालें.
- इस्तेमाल से पहले पानी को छान लें.
- पहली बार कम मात्रा में उपयोग करें और पौधे की प्रतिक्रिया देखें.
- फ्रिज में लंबे समय तक रखा खराब पानी इस्तेमाल न करें.
- जरूरत से ज्यादा प्रयोग करने से बचें.
किन पौधों में कर सकते हैं इस्तेमाल?
चावल का पानी तुलसी, पुदीना, गुलाब, गेंदा, मनी प्लांट, सब्जियों और फलों वाले पौधों सहित अधिकांश घरेलू पौधों में इस्तेमाल किया जा सकता है. सही मात्रा में उपयोग करने पर यह एक उपयोगी और किफायती प्राकृतिक खाद साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- सिर्फ 10 मिनट में हाथ-पैर को गोरा कैसे करें? 50 रुपये में हाथ-पैरों का कालापन दूर करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- धनिया कैसे लगाएं? बीज लगाने से लेकर हरा धनिया काटने तक, जानें 5 दिन में धनिया उगाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें:- घर पर दंत मंजन कैसे बनाएं? लौंग, हल्दी और फिटकरी से हर्बल दंत मंजन बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं