किचन में काम करते वक्त अक्सर एक डर हमेशा बना रहता है कहीं खाना बनाते वक्त दाल-सब्जी में छिपकली न गिर जाए. किचन की दीवारों पर इनका रेंगना देखकर ही कई लोगों की चीख निकल जाती है. छिपकली सिर्फ देखने में डरावनी नहीं होती, बल्कि इसके खाने में गिरने से खाना जहरीला भी हो सकता है. अगर आपके भी घर और किचन का यही हाल है और आप छिपकली के डर से परेशान हो चुके हैं, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम आपको कुछ ऐसे आसान और असरदार देसी नुस्खे बता रहे हैं, जिनकी मदद से छिपकली किचन से गायब हो जाएंगी.
किचन से छिपकली कैसे भगाएं-
1. लहसुन और प्याज-
छिपकलियों को लहसुन और प्याज की तेज महक बिल्कुल पसंद नहीं होती.
क्या करें- लहसुन के रस को पानी में मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. अब इसे किचन के कोनों, खिड़कियों और दरवाजों के पास छिड़क दें. इसके अलावा, प्याज के छिलकों को भी उन जगहों पर रख सकते हैं जहां छिपकली ज्यादा आती हैं. इसकी तेज गंध से छिपकली तुरंत उस जगह को छोड़ देती हैं. सबसे अच्छी बात ये कि ये घर का बना स्प्रे है इससे खाने को भी कोई नुकसान नहीं होगा.

2. काली मिर्च का स्प्रे-
अगर आप चाहते हैं कि छिपकली किचन के करीब भी न आए, तो काली मिर्च का स्प्रे बनाएं.
क्या करें- थोड़ी सी पिसी हुई काली मिर्च को पानी में मिलाकर अच्छी तरह हिलाएं और स्प्रे बोतल में भर लें. जब भी किचन की दीवार पर छिपकली दिखे, उस पर हल्का सा स्प्रे कर दें. मिर्च की तीखी महक से छिपकली तुरंत वहां से भाग जाएगी.
3. अंडे के छिलके-
अंडे के छिलके छिपकलियों को भगाने में बहुत असरदार हो सकते हैं.
क्या करें- छिपकलियां अंडे के छिलकों को देखकर भाग जाती हैं. किचन में जहां छिपकली ज्यादा दिखती हो, वहां सूखे हुए अंडे के छिलके रख दें.
जरूरी बात- छिपकलियों को भगाने के साथ-साथ यह भी जरूरी है कि आप अपने किचन को हमेशा साफ-सुथरा रखें. खाने की चीजों को हमेशा ढककर रखें ताकि छिपकली या दूसरे कीड़े-मकौड़े खाने तक न पहुंच सकें.
ये भी पढ़ें- चावल बनाते समय फेंक देते हैं इसका पानी? ये छोटी-सी गलती चावल के पोषण को कर सकती है कम, जानिए पकाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं