गर्मी और बारिश के मौसम में घर की दीवारों, खिड़कियों और बालकनी में छिपकलियां दिखना आम बात है. ज्यादातर लोग इन्हें देखकर घबरा जाते हैं और इन्हें दूर भगाने के लिए तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं. अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो कुछ ऐसे पौधे लगा सकते हैं जिनकी तेज खुशबू छिपकलियों को पसंद नहीं आती. हालांकि, ये पौधे छिपकलियों को भगाने की गारंटी नहीं देते, लेकिन इन्हें दूर रखने में मदद जरूर कर सकते हैं.
लैवेंडर का पौधा लगाएं
जानकारी के अनुसार, अगर आपके घर में भी छिपकलियों का आतंक है तो आप लैवेंडर का पौधा लगा सकते हैं. लैवेंडर अपनी तेज और मनमोहक खुशबू के लिए जाना जाता है. इसकी महक कई छोटे कीड़ों और कुछ जीवों को पसंद नहीं आती. यही वजह है कि इसे बालकनी में लगाने की सलाह दी जाती है.
रोजमेरी भी है असरदार
साथ ही, रोजमेरी की पत्तियों से निकलने वाली तेज सुगंध छिपकलियों को आकर्षित नहीं करती. यह पौधा घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ किचन में भी काम आता है.
पुदीना और तुलसी रखें पास
पुदीने की ताजगी भरी खुशबू और तुलसी की प्राकृतिक सुगंध कई छोटे कीड़ों को दूर रखने में मदद करती है. चूंकि छिपकलियां कीड़ों के पीछे आती हैं, इसलिए इन पौधों से उनकी मौजूदगी कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें: प्लास्टिक की बोतलों से बनाएं लालटेन जैसे प्लांटर्स, घर की खाली दीवार पर उगाएं धनिया, लेट्यूस और हरी मिर्च
लेमनग्रास भी है अच्छा विकल्प
लेमनग्रास की नींबू जैसी तेज खुशबू कीड़ों को दूर रखने में मदद करती है. इसे धूप वाली जगह पर लगाने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं.
पौधों के साथ सफाई भी है जरूरी
बालकनी और घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें. कूड़ा जमा न होने दें, खाने की चीजें खुली न छोड़ें और दीवारों की दरारों को बंद करें. इन उपायों के साथ पौधों का इस्तेमाल करने से छिपकलियों के घर में आने की संभावना काफी हद तक कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें: बालकनी में लगाएं ये 5 पौधे, छोटे गमलों से भी बन जाएंगे बड़े और शानदार, देखकर रह जाएंगे हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं