किचन में खाना बनाते समय सबसे झंझट भरा काम अगर कोई लगता है, तो वह है लहसुन छीलना. हमारे साथ तो ऐसा ही है. एक-एक कली को हाथ से छीलने में घंटों वक्त बर्बाद हो जाता है, उंगलियों में दर्द होने लगता है और कई बार तो नाखून भी टूट जाते हैं. अगर आप भी इस बात से परेशान हैं, तो यूट्यूब चैनल (Annie Tips) पर शेयर टिप्स को ट्राई कर सकते हैं. क्योंकि यहां लहसुन छीलने के कुछ ऐसे कमाल के तरीके शेयर किए गए हैं, जिन्हें देखकर आपकी यह परेशानी बहुत छोटी लगेगी. आइए जानते हैं इन आसान हैक्स के बारे में.
यहां देखें वीडियो-
लहसुन को छीलने के आसान तरीके-(Tips To Peel Garlic Easliy)
1. हल्का गर्म करने वाला तरीका-
लहसुन को पैन में बिल्कुल धीमी आंच पर करीब 2 मिनट के लिए हल्का सा गर्म किया जाता है. ऐसा करने से लहसुन का बाहरी छिलका सूख जाता है और वह अंदर की कली से चिपकता नहीं है. इसके बाद जब आप इन्हें छीलेंगे, तो छिलके बहुत ही आसानी से उतर जाएंगे और आपके हाथों में भी दर्द नहीं होगा.
2. आटे वाला तरीका-
अगर आपको एक साथ ढेर सारा लहसुन छीलना है, तो यह तरीका आपके बहुत काम आएगा. इसके लिए लहसुन की गांठों को थोड़ा सा काट लें ताकि कलियां अलग हो जाएं. अब इसे एक बड़े बर्तन में लेकर उसमें दो चम्मच गेहूं का आटा मिलाएं. इसके बाद हल्के हाथों से इसे मिलाएं और मसलें. आटा लहसुन के छिलकों का नमी सुखा देता है, जिससे छिलके अपने आप अलग होने लगते हैं. फिर इसे छानकर साफ कर लें.
3. गुनगुने पानी और बेकिंग सोडा का तरीका-
यह तरीका सबसे तेज है, जिसमें सिर्फ 30 सेकंड से 1 मिनट में सारा लहसुन छील जाता है. इसके लिए हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब लहसुन को इस पानी में 5 मिनट के लिए भिगोकर रख दें. गुनगुना पानी और बेकिंग सोडा छिलके को नरम कर देता है, जिससे छिलके अपने आप उतरने लगते हैं और छीलना बेहद आसान हो जाता है.
लहसुन लंबे समय तक स्टोर करने के स्मार्ट टिप्स-
- फ्रिज में रखने का तरीका- एक डिब्बे में नीचे पेपर रखें, उसके ऊपर लहसुन की कलियां फैलाकर रखें और डिब्बे को टाइट बंद करके फ्रिज में रख दें. इससे लहसुन में नमी नहीं आएगी और वह जल्दी खराब नहीं होगा.
- फ्रीजर में स्टोर करने का तरीका- लहसुन को मिक्सी में थोड़ा सा नमक और कुकिंग ऑयल डालकर पीस लें. नमक और तेल डालने से इसका रंग काला नहीं पड़ता और यह लंबे समय तक फ्रेश रहता है. अब इसे आइस ट्रे या जिप बैग में भरकर फ्रीजर में स्टोर कर लें और जब मन करे इस्तेमाल करें.
ये भी पढ़ें- अब दुनिया चखेगी बिहार का स्वाद, ब्रिक्स समिट की किट में शामिल हुए सत्तू और मखाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं