मंदिर और किचन में इस्तेमाल होने वाले तांबे के बर्तन समय के साथ काले पड़ने लगते हैं. नियमित इस्तेमाल, पानी और ऑक्सीडेशन की वजह से तांबे के बर्तन काले होने लगते हैं. ऐसे में हम में से अधिकतर लोग इन बर्तनों को साफ करने के लिए घंटों तक रगड़ते रहते हैं, लेकिन अगर आप मेहनत बचाना चाहते हैं तो एक आसान हैक आपकी मदद कर सकता है. अच्छी बात ये है कि इस तरीके में ज्यादा घिसाई की जरूरत नहीं पड़ती और कुछ ही मिनटों में तांबे के बर्तन पहले जैसे चमकने लगते हैं.
इन दिनों सोशल मीडिया पर कई तरह के वीडियो मिल जाएंगे, जिसमें तांबे के बर्तन को साफ करने का हैक बताया गया है. इन्हीं हैक्स में से सिट्रिक एसिड का हैक है, जिसमें बिना छूए बर्तन साफ करने का तरीका बताया गया है. वीडियो में दिखाया गया है कि जो बर्तन पहले पूरी तरह काला और जंग जैसा दिखाई दे रहा था, वही कुछ देर बाद नए बर्तन की तरह चमकने लगता है.
इस नुस्खे से करें काले तांबे के बर्तन की सफाई
यूट्यूब पर शेयर की गई एक वीडियो में बताया गया है कि तांबे के बर्तन को साफ करने के लिए सिट्रिक एसिड का इस्तेमाल किया गया. इसके लिए सबसे पहले एक बर्तन में गर्म पानी लिया गया और उसमें थोड़ा सिट्रिक एसिड मिलाया गया. इसके बाद तांबे के बर्तन को कुछ मिनट के लिए इस घोल में रखा गया.
कुछ ही देर में बर्तन पर जमी काली परत ढीली पड़ने लगी. फिर बर्तन को पानी से निकालकर हल्के हाथों से साफ किया गया. बिना ज्यादा रगड़े ही बर्तन की सतह चमकदार दिखाई देने लगी. अंत में साफ पानी से धोकर कपड़े से पोंछने पर तांबे का बर्तन बिल्कुल नया जैसा नजर आने लगा.
क्यों काले पड़ जाते हैं तांबे के बर्तन?
तांबा हवा और नमी के संपर्क में आने पर ऑक्सीडाइज होने लगता है. इसकी वजह से बर्तन की सतह पर काली या हरी परत जम जाती है. यह परत दिखने में भले ही खराब लगे, लेकिन सही तरीके से साफ करके बर्तन की पुरानी चमक वापस लाई जा सकती है.
ध्यान रखने वाल बातें
- सिट्रिक एसिड का इस्तेमाल करते समय हाथों में दस्ताने पहन सकते हैं.
- घोल को जरूरत से ज्यादा गाढ़ा न बनाएं.
- सफाई के बाद बर्तन को अच्छी तरह पानी से धोना जरूरी है.
- तांबे के बर्तन को साफ और सूखी जगह पर रखें, ताकि दोबारा जल्दी काला न पड़े.
अगर आपके घर में भी पुराने तांबे के बर्तन रखे हैं, तो इस आसान हैक की मदद से उनकी खोई हुई चमक वापस लाई जा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं