शुगर यानि डायबिटीज के मरीजों के मन में अक्सर अपने खाने पीने को लेकर सवाल रहता है, इनमें अनार भी शामिल है. दरअसल, अनार मीठा होता है, इसलिए डायबिटीज मरीजों के मन में सवाल उठता है कि शुगर में अनार खा सकते हैं या नहीं. कई लोगों को लगता है कि मीठा स्वाद होने की वजह से अनार ब्लड शुगर तेजी से बढ़ा सकता है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो अगर अनार सही मात्रा और सही तरीके से खाया जाए तो डायबिटीज के मरीजों के लिए ये फल हेल्दी साबित हो सकता रहै.
अनार का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) कितना होता है?
इस बारे में यशोदा हॉस्पिटल के कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. श्री करण उद्देश तनुगुला बताते हैं कि डायबिटीज या हाई ब्लड शुगर वाले लोग अनार का सेवन कर सकते हैं. इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) कम से मीडियम रेंज में माना जाता है, जो लगभग 35 से 53 के बीच होता है. इसका मतलब है कि ये शरीर में अनार जाकर रक्त शर्करा को बहुत तेजी से नहीं बढ़ाता, बल्कि धीरे-धीरे प्रभाव डालता है.
डॉक्टर का कहना है कि अनार के दानों में फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और पॉलीफेनॉल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये तत्व शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने और इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं. इसी वजह से अनार को अगर संतुलित मात्रा में खाया जाए, तो ये शुगर रोगियों के लिए एक हेल्दी ऑप्शन होता है.
अनार खाने का सही तरीका क्या है?
डॉ. तनुगुला का कहना है कि अनार का जूस पीने की बजाय इसके पूरे दानों का सेवन करना अधिक बेहतर है. पूरे दानों में मौजूद फाइबर पाचन को धीमा करता है और ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने से रोकने में मदद करता है. दूसरी ओर जूस में फाइबर की मात्रा बहुत कम हो जाती है, जिससे शुगर तेजी से बढ़ सकती है.

डॉक्टर कहते हैं कि एक बार में लगभग आधा कप यानी 80 से 100 ग्राम अनार के दाने पर्याप्त होते हैं. ये लगभग एक फ्रूट एक्सचेंज के बराबर माना जाता है, जिसमें करीब 15 ग्राम कार्बोहाइड्रेट होता है.
डायबिटीज में अनार किन-किन चीजों के साथ खाएं?
डॉक्टर कहते हैं कि अगर आप ब्लड शुगर को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो अनार को अकेले खाने के बजाय किसी प्रोटीन या फिर हेल्दी फैट के साथ खआएं. कोशिश करें आप इसे दही, बादाम या अन्य नट्स के साथ खाएं. साथ ही इसे आहार का हिस्सा बनाकर खाने से भी ग्लूकोज का प्रभाव नियंत्रित रहने में मदद मिलती है.
अनार खाते समय किन-किन बातों का रखें ध्यान?
डॉ. तनुगुला चेतावनी देते हैं कि बाजार में मिलने वाले पैक्ड अनार के जूस, सिरप या कॉन्संट्रेट्स में अक्सर अतिरिक्त चीनी मिलाई जाती है. ऐसे प्रोडक्ट्स ब्लड शुगर को बहुत तेजी से बढ़ा सकते हैं, इसलिए इनसे बचना चाहिए.
अगर आप पहले से ब्लड शुगर कम करने वाली दवाएं ले रहे हैं और नियमित रूप से अनार को अपने डाइट में शामिल करना चाहते हैं, तो समय-समय पर अपनी शुगर की जांच करते रहें. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह से अपनी डाइट और दवा की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें - अनार के दाने निकालने में लगते हैं घंटे? 30 सेकंड की ये ट्रिक कर देगी काम आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं