- तेलंगाना ACB ने सस्पेंड DSP भीम रेड्डी के करीबी 10 ठिकानों पर तलाशी ली और बेहिसाब संपत्तियां बरामद कीं.
- तलाशी के दौरान बोम्मा वेंकटेश के घर से नकद एक करोड़ पैंतीस लाख रुपये, विदेशी मुद्रा और विदेशी शराब मिली.
- 2 जुलाई को की गई छापेमारी में 300 करोड़ रुपये से अधिक की लग्जरी संपत्तियां और बड़ी जमीन जब्त की गई थी.
Telangana ACB Action: लाख सख्ती के बाद भी भ्रष्टाचार की जड़े भारत से खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. एंटी करप्शन ब्यूरो, विजिलेंस, सीबीआई, निगरानी विभाग जैसी एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर घूसखोर सरकारी कर्मियों पर नकेल कसने की कोशिश करती है. छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति का केस, जेल, नौकरी से बर्खास्तगी तक के फैसले लिए जा रहे हैं. लेकिन इसके बाद भी रिश्वतखोर अधिकारियों का मन नहीं भर रहा है. यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश जैसी हिंदीपट्टी वाले राज्यों के साथ-साथ दक्षिण भारत में भी घूसखोरी की जड़ें उतनी ही गहरी है. इसका ताजा उदाहरण तेलंगाना से सामने आया है. जहां सस्पेंड किए जा चुके DSP भीम रेड्डी से जुड़े लोगों के ठिकानों पर जब एसीबी ने छापेमारी की तो इतनी संपत्तियां मिली, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया.
DSP के करीबी के 10 ठिकानों पर हुई छापेमारी
दरअसल ACB ने गुरुवार को सस्पेंड किए गए पुलिस DSP भीम रेड्डी के आठ संदिग्ध बेनामीदारों से जुड़ी जगहों पर तलाशी ली. ये तलाशी हैदराबाद और ज़हीराबाद में 10 जगहों पर ली गई. इस दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध बेनामी संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज मिले. बोम्मा वेंकटेश के घर से 1.35 करोड़ रुपये नकद, विदेशी मुद्रा और लगभग 14 लीटर विदेशी शराब बरामद की.

DSP के करीबी के घर से मिले नोटों के अंबार.
300 करोड़ की बेहिसाब संपत्ति
शराब ज़ब्त करने की जानकारी आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को दी गई. जांच जारी है. मालूम हो कि इससे पहले 2 जुलाई को ACB ने 16 जगहों पर छापेमारी की थी और कथित तौर पर 300 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति का पता लगाया था. जिसमें लग्जरी विला, फ़्लैट, 50 एकड़ से ज़्यादा ज़मीन, सोना और नकद शामिल थे.

DSP के करीबी का लग्जरी विला.
जुलाई में एसीबी की रडार में आए थे डीएसपी भीम रेड्डी
मालूम हो कि इसी साल जुलाई में एसीबी ने डीएसपी भीम रेड्डी के ठिकानों पर तलाशी के दौरान करोड़ों की बेनामी संपत्ति मिलने के बाद उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था. फिर ईडी ने लेन-देन की जांच शुरू कर दी है, जिसमें संपत्तियों के रियल मालिक, उनकी खरीद के लिए इस्तेमाल किए गए धन का स्रोत शामिल थे.

DSP के करीबी के घर से मिले विदेशी शराब की बोतलें.
6 जुलाई को गिरफ्तार हुआ था घूसखोर डीएसपी भीम रेड्डी
बताते चले कि तेलंगाना पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज (PCS) में तैनात DSP भीम रेड्डी को ACB ने 6 जुलाई को उनके वेस्सेला मीडोज, इब्राहिमबाग स्थित आवास से गिरफ्तार किया था. जिसके बाद तेलंगाना और कर्नाटक में डीएसपी और उनके रिश्तेदारों से जुड़े 16 स्थानों पर तलाशी के दौरान करोड़ों की संपत्तियां जब्त हुई थी.
यह भी पढ़ें - राजधानी में 8 प्लॉट, 2 रिहायशी फ्लैट, पेंट हाउस, 10 एकड़ खेती की जमीन... घूसखोरी से धनकुबेर बना तहसीलदार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं