विज्ञापन

सिंघाड़े का जैम कैसे बनाएं, जानें घर पर सिंघाड़ा जैम बनाने की आसान रेसिपी

अगर आप भी स्वाद और सेहत से भरपूर जैम घर पर बनाना चाहते हैं, तो सिंघाड़ा जैम को एक बार जरूर करें ट्राई.

सिंघाड़े का जैम कैसे बनाएं, जानें घर पर सिंघाड़ा जैम बनाने की आसान रेसिपी
सिंघाड़े का जैम रेसिपी.
NDTV

सिंघाड़ा तो आपने खूब खाया होगा. उबला हुआ सिंघाड़ा, कच्चा सिंघाड़ा, सिंघाड़े का आटा. लेकिन क्या आपने कभी सिंघाड़े का जैम खाया है? अगर नहीं. तो कोई बात नहीं, क्योंकि ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं है कि सिंघाड़े का जैम भी बनता है. ये जैम खाने में इतना टेस्टी लगता है कि एक बार खा लिया, तो आप बाजार का मिक्स फ्रूट जैम भूल जाएंगे. ऊपर से ये सेहत के लिए भी फायदेमंद है. तो चलिए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी.

सिंघाड़े का जैम क्यों है खास?

सिंघाड़े का जैम बाकी जैम से बिल्कुल अलग होता है. आम, संतरे, सेब का जैम तो हर दुकान पर मिल जाता है. लेकिन सिंघाड़े का जैम बहुत कम जगह पर ही मिलता है. इसका रंग हल्का भूरा सा होता है और स्वाद खट्टा-मीठा. इसमें सिंघाड़े की अपनी एक अलग खुशबू होती है. सबसे बड़ी बात, इसमें न कोई कलर होता है, न कोई केमिकल. सिर्फ सिंघाड़ा, चीनी और नींबू.

Latest and Breaking News on NDTV

कैसे बनाएं सिंघाड़े का जैम- (How To Make Singhade Jam Recipe)

सामग्री- 

  • ताजा सिंघाड़ा
  • चीनी
  • नींबू का रस
  • पानी
  • इलायची पाउडर

विधि-

  1. सबसे पहले सिंघाड़े को अच्छे से धो लीजिए. अब सिंघाड़े को छील लीजिए. छीलने के बाद जो सफेद गिरी निकलती है, उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.
  2. अब कटे हुए सिंघाड़े को एक कड़ाही में डालिए और इसमें 1 कप पानी डालकर धीमी आंच पर उबालिए. 
  3. 10-15 मिनट में सिंघाड़ा एकदम नरम हो जाएगा. अब इसे थोड़ा ठंडा करके मिक्सी में पीस लीजिए. 
  4. बहुत बारीक मत पीसिए, थोड़ा दरदरा ही रहने दीजिए. दरदरा पिसा हुआ जैम खाने में ज्यादा टेस्टी लगता है. 
  5. सिंघाड़े को पीसते वक्त पानी मत डालिए. उसी पानी में पीसिए, जिसमें आपने उसे उबाला था. 
  6. अब पिसे हुए सिंघाड़े के पल्प को फिर से कड़ाही में डालिए. इसमें 1 कप चीनी डाल दीजिए और धीमी आंच पर पकाइए. 
  7. चीनी डालने के बाद इसे लगातार चलाते रहिए, वरना ये नीचे से लग जाएगा. 10-12 मिनट में जैम गाढ़ा होने लगेगा.
  8. अब इसमें 2 चम्मच नींबू का रस डाल दीजिए. नींबू का रस डालने से जैम का रंग अच्छा रहता है और ये जल्दी खराब भी नहीं होता.
  9. अब इसमें आधा चम्मच इलायची पाउडर डाल दीजिए. इलायची से जैम में बहुत अच्छी खुशबू आ जाएगी. 
  10. एक प्लेट में जैम की एक बूंद डालिए. अगर बूंद फैल नहीं रही है और वहीं जमी हुई है, तो समझिए जैम तैयार है. 
  11. अगर फैल रही है, तो 2-3 मिनट और पकाइए. बस, गैस बंद कर दीजिए. जैम ठंडा होने पर और गाढ़ा हो जाएगा, इसलिए इसे कड़ाही में ज्यादा गाढ़ा मत कीजिए. 
  12. एक कांच की बोतल में ठंडा हुआ जैम भरकर फ्रिज में रख दीजिए. ये जैम फ्रिज में 1 महीने तक आराम से चल जाता है.

ये भी पढ़ें- गहत दाल पराठा कैसे बनाएं? पहाड़ी Paratha बनाने की आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Singhada, Jam Recipe, Healthy Jam, JAM Kaise Banta Hai, Water Chestnut Recipe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com