Amla Juice Kaise Banen: आंवला पोषक तत्वों से भरपूर एक सुपरफूड माना जाता है. इसमें विटामिन C प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो इम्यूनिटी मजबूत बनाने में मदद करता है. नियमित रूप से आंवला जूस का सेवन करने से शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं. हालांकि, रोजाना ताजा आंवला जूस बनाना या बाजार से खरीदना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में आप घर पर आंवला जूस बनाकर उसे लंबे समय तक स्टोर कर सकते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको घर पर आंवला जूस बनाने और स्टोर करने का तरीका बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...
आंवला जूस बनाने के लिए क्या करें?
सबसे पहले ताजे और बड़े आकार के आंवलों को अच्छी तरह धो लें. ध्यान रखें कि आंवले पर भूरे धब्बे न हों, क्योंकि ऐसे आंवले जल्दी खराब हो सकते हैं. धोने के बाद आंवलों को पूरी तरह सुखा लें ताकि उनमें पानी की एक भी बूंद न रहे. अब आंवलों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद मिक्सर जार में आंवले के टुकड़े डालकर बिना पानी मिलाए बारीक पेस्ट तैयार कर लें. जितना बारीक पेस्ट बनेगा, उतना ज्यादा जूस निकलेगा.

आंवला जूस कैसे निकालें?
फिर तैयार पेस्ट को साफ सूती कपड़े या बारीक छन्नी की मदद से छान लें. कपड़े को दबाकर सारा रस निकाल लें. इस प्रोसेस से जूस अच्छी मात्रा में निकलता है और काफी कम गूदा बचता है. जूस निकालते समय ये चेक करें कि इस्तेमाल किए जाने वाले सभी बर्तन, हाथ और कपड़ा पूरी तरह साफ और सूखे हों. दरअसल, नमी या पानी की मौजूदगी जूस की शेल्फ लाइफ को कम कर सकती है.
आंवला जूस को कैसे स्टोर करें?
निकाले गए जूस को एक साफ और सूखी कांच की बोतल में भर लें. अगर जूस में पानी नहीं मिलाया गया है तो इसे फ्रिज में 5 से 6 महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है. वहीं, पानी मिलाने पर इसकी स्टोरेज अवधि कम हो सकती है.
फ्रीजर में स्टोर करने का तरीका
अगर आप आंवला जूस को और लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इसे आइस ट्रे में भरकर फ्रीज कर सकते हैं. जूस के क्यूब्स जमने के बाद उन्हें एयरटाइट कंटेनर में डालकर फ्रीजर में रख दें. जरूरत पड़ने पर एक या दो क्यूब्स निकालकर पानी में मिलाएं और तुरंत आंवला जूस तैयार कर लें. इन क्यूब्स का उपयोग चटनी, हेयर पैक या स्किन केयर में भी किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: घर पर सूजी कैसे बनाएं? घर पर गेहूं से सूजी बनाने का सही और आसान तरीका
यह भी पढ़ें: मटर का हलवा कैसे बनता है? कच्चे मटर का हलवा बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं