सर्दियों की दस्तक के साथ ही रसोई में हरी पत्तियों की खुशबू लौट आती है. उत्तर भारत और खासकर पंजाब में सरसों का साग सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि मौसम का एक एहसास है जिसे मक्के की रोटी और मक्खन के साथ खाया जाता है. इसमें फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं. जब पत्तियों की ताजगी और मसालों का संतुलन सही हो, तो साग बिना भारीपन के बेहद लजीज बनता है. चलिए फिर देर किस बात कि है कम समय में, बिना किसी झंझट के, घर पर ही पंजाब वाला स्वादिष्ट सरसों का साग कैसे बनाएं? जानते हैं.
सामग्री:
- सरसों के पत्ते (लगभग 500 ग्राम)
- पालक के पत्ते (250 से 500 ग्राम)
- बथुआ के पत्ते (100 से 150 ग्राम)
- सोया और मेथी के पत्ते (थोड़े से)
- लहसुन की कलियां (10 से 12)
- अदरक (1 छोटा टुकड़ा)
- हरी मिर्च (6 से 7)
- नमक (1 छोटा चम्मच)
- पानी (थोड़ा सा)
घोटने व तड़के के लिए:
मक्की का आटा (3 से 4 बड़े चम्मच)
तेल (2 से 3 बड़े चम्मच)
साबुत लाल मिर्च (2)
साबुत धनिया (1 छोटा चम्मच)
लहसुन (1 बड़ा चम्मच)
हींग (एक चुटकी)
प्याज (1 बड़ा)
नमक (आवश्यकतानुसार)
छौंक के लिए:
देसी घी (1 बड़ा चम्मच)
साबुत लाल मिर्च (2)
हरी मिर्च (4 से 5)
मक्खन
बनाने की विधि:
- सबसे पहले सरसों, पालक, बथुआ, सोया और मेथी को अच्छी तरह धो लें.
- अब सख्त डंठल और मोटे तने हटाकर केवल पत्तियों को बारीक काटें, पत्तियां जितनी महीन होंगी, पकने में उतना ही कम समय लगेगा. मेथी कम रखें ताकि कड़वाहट न आए.
- प्रेशर कुकर में कटी हुई सारी हरी पत्तियां डालकर साथ में कुटा लहसुन, बारीक अदरक, मोटी कटी हरी मिर्च, नमक और थोड़ा पानी डाल दें.
- ढक्कन बंद करके तेज आंच पर करीब 8 से 10 सीटी आने तक पकाएं.
- कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें और ढक्कन खोलें.
- घोटनी की मदद से पत्तियों को दबाकर घोटें साथ ही मक्की का आटा एक जगह न डालकर थोड़ा करके छिड़कते जाएं ताकि गुठलियां न बनें.
- अगर घोटने में समय ज्यादा लग रहा हो, तो थोड़े से उबले साग को ठंडा करके मिक्सी में हल्का दरदरा पीसकर मिला सकते हैं.
- पूरा साग बारीक न पीसें वरना रेशे खत्म हो जाएंगे.
- एक कड़ाही में तेल गरम करें.
- उसमें तोड़ी हुई लाल मिर्च और कुटा धनिया डालें.
- फिर लहसुन डालकर मध्यम आंच पर सुनहरा होने दें.
- हींग और बारीक कटा प्याज डालकर आंच तेज करें और प्याज के सुनहरा भूरा होने तक लगातार चलाते रहें.
- अब घोटा हुआ साग कड़ाही में डालें और मीडियम से तेज आंच पर 5 से 6 मिनट तक भूनें. जरूरत लगे तो थोड़ा नमक डालें और तले में लगने से बचाने के लिए चलाते रहें.
- एक छोटे पैन में देसी घी गरम करके साबुत लाल मिर्च और चीरा लगी हरी मिर्च हल्का रंग बदलने तक भूनें.
- इस छौंक को तैयार साग के ऊपर डालें और मक्खन के साथ गरमागरम परोसें.
इसे भी पढ़ें: सिंघाड़े की चाट कैसे बनाएं? सिघाड़े की चटपटी चाट बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं