नवरात्रि के व्रत में सिंघाड़े के आटे की डिमांड सबसे ज्यादा बढ़ जाती है. इससे पूरी, पराठा, हलवा और कई स्वादिष्ट फलाहारी रेसिपी बनाई जाती हैं. लेकिन बाजार में मिलने वाला सिंघाड़े का आटा काफी महंगा होता है. कई लोग इसकी शुद्धता को लेकर भी सवाल उठाते हैं. ऐसे में आप घर पर ही ताजे सिंघाड़े से सिंघाड़े का आटा तैयार कर सकते हैं. इससे पैसे भी बचेंगे और व्रत के लिए शुद्ध आटा भी मिलेगा. सिंघाड़े के आटे बनाने का ये सही तरीका यूट्यूब पर Deepa food नाम की फूड क्रिएटर ने शेयर की है. यहां जानते हैं घर पर मार्केट जैसा सिंघाड़े का आटा कैसे तैयार करें?
घर पर कैसे बनाएं सिंघाड़े का आटा?
सबसे पहले ताजे सिंघाड़े खरीद लें. इन्हें अच्छी तरह छीलकर 2-3 बार पानी से धो लें ताकि मिट्टी और गंदगी पूरी तरह निकल जाए. अब सिंघाड़ों को किसी साफ कपड़े या बड़ी थाली में फैलाकर तेज धूप में सुखाएं. इन्हें पूरी तरह सूखने में 10 से 12 दिन तक लग सकते हैं. जब सिंघाड़े अच्छी तरह सूख जाएं तो उनका रंग थोड़ा बदल जाता है और वे सख्त हो जाते हैं.
सूखने के बाद सिंघाड़ों को कपड़े से साफ कर लें ताकि ऊपर जमी धूल हट जाए. इसके बाद खलबट्टे या सिलबट्टे की मदद से इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. ऐसा करने से मिक्सर में पीसना आसान हो जाता है. अब इन टुकड़ों को मिक्सर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डालकर बारीक पीस लें. पीसने के बाद महीन छलनी से छान लें. इससे एकदम फाइन सिंघाड़े का आटा तैयार हो जाएगा.
बचे हुए चोकर को फेंकें नहीं
जब आप आटा छानेंगे तो मोटा हिस्सा अलग निकल आएगा. इसे फेंकने की जरूरत नहीं है. इससे स्वादिष्ट खीर, हलवा और अन्य व्रत वाली मिठाइयां बनाई जा सकती हैं. यानी सिंघाड़े का पूरा इस्तेमाल हो जाता है.
घर का सिंघाड़ा आटा क्यों है बेहतर?
घर पर बना सिंघाड़े का आटा पूरी तरह शुद्ध होता है. इसमें किसी तरह की मिलावट का डर नहीं रहता. साथ ही बाजार के मुकाबले कम खर्च में ज्यादा मात्रा में आटा तैयार हो जाता है. इसे एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर इस नवरात्रि आप व्रत रखने वाले हैं, तो एक बार घर पर सिंघाड़े का आटा बनाकर जरूर ट्राई करें. इसका स्वाद और गुणवत्ता बाजार के आटे से काफी बेहतर महसूस होगी.
ये भी पढ़ें -Sawan Fasting Foods Ranked: मखाना, सिंघाड़ा, राजगीरा और कुट्टू में कौन सा है सबसे हेल्दी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं