सर्दियों में आंवले का अचार, मुरब्बा या चटनी घरों में खूब बनाया जाता है, लेकिन क्या आपने कभी इसके लड्डू ट्राई किए हैं? आंवले के लड्डू न केवल खाने में स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि इन्हें एक बार बनाकर पूरे महीने के लिए आसानी से स्टोर भी किया जा सकता है. इतना ही नहीं ये लड्डू विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा सोर्स हैं. ऐसे में अगर आप रोजाना सुबह खाली पेट या खाने के बाद एक आंवले का लड्डू खाते हैं, तो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बना सकते हैं, जिससे आप सर्दियों में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचे रह सकते हैं.
इसके अलावा, यह बालों की चमक बढ़ाने, त्वचा को जवां रखने, आंखों की रोशनी तेज करने और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में भी मददगार हैं, तो बस फिर देर किस बात है कि है नोट करें इसकी आसान रेसिपी.
आंवला के लड्डू बनाने की विधि:
सामग्री:
- ताजा आंवला (500 ग्राम)
- देशी घी (2 बड़े चम्मच)
- कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल (आधा कप)
- गुड़ या शक्कर (300 से 350 ग्राम)
- बादाम, काजू, पिस्ता (बारीक कटे हुए)
- इलायची पाउडर (1 छोटा चम्मच)
बनाने का सही तरीका:
- सबसे पहले ताजे और रसदार आंवले लें और उन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें.
- अब आंवलों को किसी जालीदार छन्नी या स्टीमर पर रखकर लगभग 5 से 7 मिनट के लिए भाप में पका लें.
- जब ये हल्के नरम हो जाएं, तो आंच बंद कर दें और इन्हें ठंडा होने दें.
- इसके बाद हाथों या ग्रेटर की मदद से आंवले का गूदा अलग कर लें और सारी गुठलियां बाहर फेंक दें.
- अब गैस पर एक भारी तले की कढ़ाही रखें और उसमें 2 चम्मच शुद्ध देसी घी गर्म करें.
- जैसे ही घी पिघल जाए, उसमें कद्दूकस किया हुआ आंवला डाल दें.
- मीडियम आंच पर इसे लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक इसका कच्चापन पूरी तरह खत्म न हो जाए और नमी सूखने लगे.
- अब इसमें कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल मिला दें.
- अगर आप लड्डू को और ज्यादा पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो इस स्टेज पर बारीक कटे हुए बादाम, काजू या पिस्ता भी शामिल कर सकते हैं.
- जब आंवला और नारियल अच्छी तरह भुन जाएं और कढ़ाही छोड़ने लगें, तब इसमें मिठास के लिए गुड़ या शक्कर मिलाएं.
- अगर आप सर्दियों में बना रहे हैं, तो गुड़ का उपयोग करना सेहत के लिए सबसे उत्तम विकल्प माना जाता है.
- गुड़ या शक्कर पिघलने तक मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि यह नीचे से जले नहीं.
- जब सारा मिश्रण एकसार होकर गाढ़ा हो जाए, तब इसमें इलायची का पाउडर छिड़क दें ताकि एक बेहतरीन खुशबू और स्वाद आ सके.
- अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को एक बर्तन में निकालकर हल्का ठंडा होने दें ताकि आप आसानी से छू सकें.
- मिश्रण जब हल्का गुनगुना रहे, तब हाथों पर थोड़ा सा घी या पानी लगा लें.
- अब थोड़ा मिश्रण लेकर दोनों हाथों से गोल छोटे शेप के लड्डू बना लें.
- लीजिए, आपके विंटर स्पेशल खट्टे-मीठे आंवले के पौष्टिक लड्डू बिल्कुल तैयार हैं.
- इन्हें पूरी तरह ठंडा होने के बाद किसी एयर-टाइटनेस कांच के जार या कंटेनर में भरकर रख लें.
- यह एक महीने से ज्यादा समय तक बिल्कुल खराब नहीं होते.
इसे भी पढ़ें: घर पर बाजार जैसा सूप पाउडर कैसे बनाएं? पानी में बस एक चम्मच मिलाते ही तैयार हो जाएगा गर्मागर्म सूप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं