विज्ञापन

रोटी बेलने का तरीका? इस ट्रिक से बनेगी एकदम गोल रोटी

रोटी नरम क्यों नहीं बनती? असली खेल आटा गूंथने में है. आटा कैसे लगाना है, लोई कैसे तोड़नी है और तवे पर फुलका कैसे फुलाना है, यहां जानें आसान टिप्स.

रोटी बेलने का तरीका? इस ट्रिक से बनेगी एकदम गोल रोटी
नरम रोटी बनाने के लिए क्या विधि है?
NDTV

गोल, फूली हुई और नरम रोटी बनाना हर किसी का सपना होता है, खासकर जब आप पहली बार किचन में हाथ आजमा रहे हों. कई बार ऐसा होता है कि आटा गूंथने से लेकर तवे पर सेकने तक, रोटी या तो पापड़ जैसी कड़क बन जाती है या फिर उसका नक्शा किसी देश के नक्शे जैसा टेढ़ा-मढ़ा हो जाता है, लेकिन जरा सोचिए, जब डाइनिंग टेबल पर थाली में गरमा-गरम, गुब्बारे जैसी फूली हुई रोटी रखी हो, तो खाने का मजा ही अलग हो जाता है. अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी रोटियां एकदम परफेक्ट और मुलायम उतरें, तो यह आसान सा तरीका आपके बहुत काम आएगा.

रोटी बेलने का क्या तरीका है?

आटा लगाना:

  1. रोटी अच्छी बनने का 80 प्रतिशत खेल आटा गूंथने पर टिका होता है.
  2. एक बर्तन में अपनी जरूरत के हिसाब से गेंहू का आटा लें और उसमें चुटकी भर नमक मिलाना चाहें तो मिला लें.
  3. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके गुनगुना या सामान्य पानी डालें और हाथों की उंगलियों से आटे को समेटना शुरू करें.
  4. एक साथ सारा पानी न उड़ेलें, वरना आटा गीला हो जाएगा.
  5. जब आटा इकट्ठा हो जाए, तो हथेलियों के पिछले हिस्से से उसे अच्छी तरह दबा-दबाकर गूंधें.
  6. आटा न ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ढीला. जब यह चिकना हो जाए, तो इसे किसी प्लेट से ढककर कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए रख दें ताकि यह सेट हो जाए.

लोइयां तोड़ना और बेलने की कला:

  1. आटा सेट होने के बाद, उससे एक समान आकार की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें.
  2. हर लोई को दोनों हथेलियों के बीच गोल घुमाकर एकदम चिकना पेड़ा बना लें, ताकि बेलते वक्त किनारे न फटें.
  3. अब इस लोई को सूखे आटे में हल्का सा लपेट लें.
  4. चकले पर लोई को रखें और बेलन को बीच से शुरू करते हुए हल्के हाथों से आगे-पीछे चलाएं.
  5. रोटी को एक ही जगह से बार-बार जोर देकर न बेलें, बल्कि हल्का सा घुमाते जाएं ताकि वह चारों तरफ से एक बराबर मोटाई की बेले.
  6. ध्यान रखें कि रोटी न तो बहुत ज्यादा मोटी हो और न ही इतनी पतली कि तवे पर डालते ही कागज की तरह जल जाए.

सेकने का सही तरीका:

  1. तवे को मीडियम आंच पर पहले से गर्म होने के लिए रख दें.
  2. बेली हुई रोटी को तवे पर आराम से डालें, जब आपको लगे कि रोटी की सतह पर हल्के-हल्के छोटे बुलबुले उठने लगे हैं, तो उसे किसी चिमटे की मदद से पलट दें.
  3. दूसरी तरफ से रोटी को थोड़ा ज़्यादा सिकने दें, उस पर हल्के भूरे रंग के चित्ते आ जाने चाहिए.
  4. अब तवे को हटा दें या आंच तेज करके रोटी को सीधे आग पर रख दें.
  5. देखते ही देखते रोटी किसी गुब्बारे की तरह फूल जाएगी.
  6. बस, गरमा-गरम रोटी तैयार है.

इसे भी पढ़ें: 5 मिनट में झटपट बनाएं चटपटे-खट्टे जीरा आलू, देखें वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Roti, Roti Kaise Bele, Food, Roti Kaise Fulaye, Roti Kaise Banaye
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com