रोटी हर भारतीय घर की सबसे जरूरी और पहली पसंद है. सुबह हो या रात, पेट भरने के लिए हम सब गर्मागर्म रोटियां खाना ही पसंद करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस गेहूं के आटे की रोटी आप रोज खाते हैं, क्या वह आपकी सेहत के लिए पूरी तरह काफी है? आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और गलत खान-पान की वजह से शरीर में कमजोरी, शुगर और जोड़ों का दर्द आम बात हो गई है. ऐसे में अगर हम अपनी रोज की रोटी के आटे में थोड़ा सा बदलाव कर लें, तो यही साधारण आटा हमारे लिए किसी दवा से कम नहीं रहेगा. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. यूट्यूब चैनल 'Healthy Hamesha' पर डॉ. सलीम ज़ैदी कुछ औषधीय गुणों से भरपूर बीज और अनाज बाएं हैं जिन्हें आटे में मिलाकर रोटियों को और अधिक हेल्दी बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं उन 6 चीजों के बारे में.
यहां देखें वीडियो-
आटे में मिलाने ये 6 चीजें स्वाद और सेहत से भरपूर बनेंगी रोटियां-
1. मेथी दाना-
मेथी दाना डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करने और इंसुलिन की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. इसके अलावा यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाने और वजन घटाने में भी सहायक है.
कैसे मिलाएं?
- मेथी दाने को हल्का भून लें.
- ठंडा होने पर इसका पाउडर बना लें.
- आधा किलो आटे में 1 से 2 चम्मच मेथी पाउडर मिलाएं.
2. अलसी के बीज-
अलसी ओमेगा-3 फैटी एसिड का बेहतरीन सोर्स है. यह हार्ट को बेहतर बनाने और जोड़ों के दर्द व सूजन को कम करने में मदद कर सकती है.
कैसे मिलाएं?
- अलसी को हल्का भूनकर पीस लें.
- 4 रोटियों के आटे में लगभग 1 चम्मच अलसी पाउडर मिलाएं.
फायदे-
- दिल को स्वस्थ रखे
- कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करे
- जोड़ों की सेहत सुधारे

3. अजवाइन-
अगर गैस, अपच या एसिडिटी की समस्या रहती है तो अजवाइन आपके लिए फायदेमंद हो सकती है. इसका सेवन पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है.
कैसे मिलाएं?
- अजवाइन को भूनकर पीस लें.
- आधा किलो आटे में लगभग 1 चम्मच पाउडर मिलाएं.
फायदे-
- गैस और एसिडिटी से राहत
- पाचन में सुधार
- पेट की गर्मी को कम करने में मदद
4. तिल-
तिल कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है. यह हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ शरीर को आवश्यक पोषण प्रदान करता है.
कैसे मिलाएं?
- तिल को भूनकर पीस लें.
- आधा किलो आटे में 1 से 2 चम्मच तिल पाउडर मिलाएं.
किन लोगों के लिए फायदेमंद?
- कैल्शियम की कमी वाले लोग
- कमजोर हड्डियों वाले लोग
- मेनोपॉज के बाद की महिलाएं
5. अमरंथ-
राजगीरा ग्लूटेन-फ्री और प्रोटीन से भरपूर अनाज है. शाकाहारी लोगों के लिए यह प्रोटीन का अच्छा सोर्स माना जाता है.
कैसे मिलाएं?
- 1 किलो गेहूं के आटे में 1 कप राजगीरा आटा मिलाएं.
फायदे-
- प्रोटीन बढ़ाने में मदद
- कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने
- शरीर को जरूरी मिनरल्स और विटामिन प्रदान करे
6. मोरिंगा पाउडर-
मोरिंगा यानी सहजन की पत्तियां पोषक तत्वों का खजाना हैं. इनमें आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं.
कैसे मिलाएं?
- एक समय के आटे में 1 से 2 चम्मच मोरिंगा पाउडर मिलाएं.
- शुरुआत आधा चम्मच से करें क्योंकि इसका स्वाद थोड़ा तीखा और कड़वा हो सकता है.
फायदे-
- इम्युनिटी मजबूत करे
- शरीर में सूजन कम करने में मदद
- जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति
इन चीजों को इस्तेमाल करने का सही तरीका-
सभी चीजों को एक साथ मिलाने की बजाय रोटेशन में इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर हो सकता है.
- 1 सप्ताह मेथी दाना
- अगले सप्ताह अलसी
- फिर अजवाइन
- उसके बाद तिल
- फिर राजगीरा
- और फिर मोरिंगा
ये भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं अगर 30 दिन तक रोज एक केला खाएं तो क्या होगा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं