रोटी बनाना एक ऐसा काम है जो हर भारतीय घर में रोज़ होता है. लेकिन, सबसे बड़ा आलस या झंझट तब आता है जब आटा गूंथने की बारी होती है. रोज़-रोज़ हाथों से मेहनत करना किसी सजा से कम नहीं लगता. अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो आटा गूंथने के नाम से कतराते हैं, तो (@MasalaKitchenbyPoonam)की पूनम देवनानी आपके लिए दो ऐसे कमाल के और आसान तरीके लेकर आई हैं, जिन्हें देखकर आप कहेंगे अरे, यह तो बहुत आसान था. आइए जानते हैं कि बिना हाथ लगाए और बिना किसी मशीन के आप मिनटों में एकदम सॉफ्ट और परफेक्ट आटा कैसे तैयार कर सकते हैं.
इन 2 तरीकों से गूंथे आटा और बनाएं सॉफ्ट रोटी-
यहां देखें वीडियो-
पहला तरीका विस्कर (Whisk) का इस्तेमाल-
अगर आपको अपने हाथों को गंदा किए बिना या बिना ज्यादा ताकत लगाए आटा गूंथना है, तो यह तरीका आपके लिए सबसे बेस्ट है. सबसे पहले एक बर्तन में अपनी जरूरत के हिसाब से गेहूं का आटा लें. इसमें थोड़ा सा नमक और एक चम्मच तेल या घी मिला लें, ताकि रोटियां अंदर से नरम और मुलायम बनें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके नॉर्मल पानी डालना शुरू करें. एक साथ सारा पानी बिल्कुल न डालें, वरना आटा गीला हो सकता है. हाथ से गूंथने के बजाय एक किचन विस्कर लें और उसे आटे में तेजी से घुमाना शुरू करें. विस्कर की तारों की वजह से आटा और पानी बहुत जल्दी और बिना गांठों के एक-दूसरे में मिलने लगते हैं. जब आटा एक जगह इकट्ठा होने लगे, तो हाथों पर हल्का सा तेल लगाकर इसे समेट लें. अब इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि आटा अच्छे से फूल जाए.
दूसरा तरीका बिना हाथ और बिना मशीन के बर्तन से गूंथने की ट्रिक-
इसके लिए एक गहरी परात या बड़ा कटोरा लें. इसमें आटा और थोड़ा सा पानी एक साथ डाल दें. पानी की मात्रा का ध्यान रखें. अब एक बड़े चम्मच या किसी फ्लैट बर्तन या बेलनी की मदद से आटे को गोल-गोल घुमाते हुए फेंटें. इस तरह लगातार कुछ मिनट चलाने से आटे में अपने आप लोच आने लगती है. जब यह अच्छे से मिल जाए, तो ऊपर से थोड़ा सा तेल लगाकर इसे सेट होने के लिए छोड़ दें.
सॉफ्ट रोटियां बनाने के टिप्स-
आटा गूंथने के बाद उसे कम से कम 10 से 15 मिनट का रेस्ट जरूर दें. इससे रोटियां बहुत ही सॉफ्ट और फूली-फूली बनती हैं. अगर आप चाहें तो पानी की जगह हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं, खासकर सर्दियों में इससे आटा बहुत अच्छा गूंथता है.
ये भी पढ़ें- सितंबर में कौन से फल खाएं और कौन से नहीं, एक्सपर्ट से जानें इस मौसम के बेस्ट और वर्स्ट Fruits
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं