Reshmi Paratha Kaise Banaye: अक्सर घर में जब मौसम सुहावना हो या अचानक मेहमान आ जाएं, तो सबकी डिमांड होती है कि कुछ अलग और टेस्टी बनाया जाए. ऐसे में अगर आप रोज-रोज के पराठे खाकर बोर हो गए हैं, तो आज हम आपके लिए लेकर आए हैं सुपर सॉफ्ट और मुंह में घुल जाने वाले आलू रेशमी पराठे की एक बेहद यूनिक रेसिपी. इस पराठे की सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये इतना सॉफ्ट होता है कि आसानी से मुट्ठी में बंद हो जाए. इस पराठे को खाकर आपको नान, कुलचा और आलू पराठा भी फीके लगेंगे. आइए जानते हैं बिना तंदूर और बिना ओवन के तवे पर मिनटों में बनने वाले इस रेशमी पराठे की आसान रेसिपी. इसकी जानकारी @cookwithparul नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.
आलू रेशमी पराठे बनाने का तरीका
- 3 मीडियम साइज के उबले हुए आलू
- 1 कप मैदा
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- कुटी हुई लाल मिर्च
- 2 से 3 हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच हरा धनिया
- नमक
- 1 बड़ा चम्मच तेल या घी
यह भी पढ़ें: चुकंदर से क्या-क्या बनाया जा सकता है? इस तरह से बनाएंगे, तो बच्चे भी खूब चाव से खाएंगे
आलू रेशमी पराठे बनाने की रेसिपी
सबसे पहले उबले हुए आलुओं को ठंडा कर लें. अब एक बारीक कद्दूकस की मदद से तीनों आलुओं को अच्छी तरह ग्रेट कर लें, ताकि इसमें कोई भी गुठली न रहे.
कद्दूकस किए हुए आलू में आधा छोटा चम्मच जीरा, स्वादानुसार नमक, कुटी हुई लाल मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर मिला लें.
अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके 1 कप मैदा मिलाएं. होटल के आलू नान जैसा सिल्की टेक्सचर पाने के लिए मैदा सबसे अच्छा ऑप्शन माना जाता है, लेकिन आप चाहें तो गेहूं के आटे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. आखिर में 1 बड़ा चम्मच तेल डालें और आलू की नमी से ही एक मीडियम सॉफ्ट आटा गूंथ लें. आटे को ढककर 5 मिनट के लिए रेस्ट पर रख दें.
ध्यान रहे कि आटा गूंथते समय पानी की एक बूंद का भी इस्तेमाल न करें. आलू की नमी से ही आटा आसानी से गुंथ जाएगा. पानी डालने से डो गीला होकर खराब हो सकता है.
5 मिनट बाद आटे से छोटी-छोटी लोइयां बना लें. फिर लोई पर थोड़ा सा सूखा मैदा या आटा डस्ट करें और बेलन से रोटी की तरह बेल लें. रेशमी पराठा एकदम पतला होता है और इसे बार-बार उठाने से ये फट सकता है, इसलिए चकले को घुमाते हुए इसे जितना हो सके उतना पतला बेल लें.
अब सेंकने के लिए गैस पर तवा चढ़ाएं और उसे अच्छी तरह गरम कर लें. अब मीडियम-हाई फ्लेम पर पराठा डालें. दोनों तरफ से हल्का सिकने पर थोड़ा सा तेल या घी लगाएं और उलटते-पुलटते हुए हल्का सुनहरा होने तक सेक लें. पतला होने के कारण ये कुछ ही सेकंड में सिककर तैयार हो जाता है. इसे ज्यादा दबा-दबाकर सेंकने की जरूरत नहीं है.
क्यों खास है ये रेसिपी?
ये पराठा ठंडा होने के बाद भी रुई जैसा नरम और सिल्की रहता है. इसलिए ये बच्चों के टिफिन, ऑफिस लंच बॉक्स या सफर में ले जाने के लिए बेस्ट है. साथ ही इसे आप लंच या डिनर में पनीर की सब्जी, कोफ्ते या आलू की रसेदार सब्जी के साथ गरमा-गरम सर्व कर सकते हैं. ये आपको घर बैठे होटल और ढाबे के नान-कुलचे का स्वाद देगा.
यह भी पढ़ें: खिचड़ा कैसे बनाएं? इस रेसिपी से 15 मिनट में तैयार हो जाएगा स्वादिष्ट राजस्थानी बाजरे का खिचड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं