चीज़ का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को खूब पसंद आता है. चाहे पिज्जा खाना हो, सैंडविच खाना हो या परांठे, चीज़ हर किसी के स्वाद को दो गुना करने का काम करती है. अब, ज्यादातर लोग बाजार से चीज़ खरीदकर लाते हैं, लेकिन आप चाहें, तो बड़ी ही आसानी से इसे घर पर भी बना सकते हैं. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने घर पर ही केवल 4 चाजों से चीज़ बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- चीज़ बनाने के लिए आपको 2 लीटर फुल फैट ताजा भैंस का दूध
- सिरका यानी विनेगर
- स्वाद के लिए आधा छोटा चम्मच नमक और
- चीज को ठंडा करने के लिए बर्फ वाला पानी चाहिए होगा.
- इसके लिए सबसे पहले एक बड़े पैन में 2 लीटर ताजा भैंस का दूध डालें और इसे करीब 46 डिग्री सेल्सियस तक गर्म करें. अगर आपके पास थर्मामीटर नहीं है तो आप दूध में उंगली डालकर चेक कर सकते हैं. दूध की गर्माहट इतनी होनी चाहिए कि आप उसमें अपनी उंगली करीब 7 सेकंड तक रख सकें.
- अब, गर्म दूध में सिरका डालें और इसे अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद पैन को ढककर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे दूध फटने लगेगा.
- 10 मिनट बाद दूध से दही जैसे हिस्से को छानकर अलग कर लें और इसके पानी को अलग कर लें.
- दही को हल्के हाथों से दबाकर इसका सारा पानी निकाल दें. इस समय चीज़ का टेक्सचर थोड़ा दानेदार होगा.
- चीज़ को मुलायम बनाने के लिए एक पैन में आधा छोटा चम्मच नमक डालें और करीब 3 से 4 मिनट तक पकाएं.
- पकाते वक्त आपको इसे लगातार चलाते रहना है ताकि इसका टेक्सचर एकदम स्मूद हो जाए.
- जब चीज़ मुलायम हो जाए, तब उसे हल्का ठंडा कर लें और हाथों से गोल आकार दें. इसके तुरंत बाद इसे बर्फ मिले ठंडे पानी में डाल दें. इतना करते ही आपकी चीज़ बनकर तैयार हो जाएगी.
इस चीज़ का इस्तेमाल आप पिज्जा, परांठे, सैंडविच और अपनी पसंद की किसी भी डिश को बनाने के लिए कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- आटे और नारियल से घर पर बना लें बाजार जैसे खस्ता बिस्किट, चाय के साथ खाने का बढ़ जाएगा मजा, नोट करें आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं