VIRAL VIDEO: बर्फ से ढका सुनसान द्वीप, जहां इंसानी सभ्यता को जिंदा रखने का सबसे बड़ा इंतजाम किया गया है. साल 2008 में नॉर्वे की सरकार ने आर्कटिक महासागर के एक बेहद सुदूर इलाके में 'svalbard ग्लोबल सीड वॉल्ट' बनाया था, जिसे दुनिया 'डूम्सडे वॉल्ट' (कयामत की तिजोरी) के नाम से भी जानती है. अमेरिकी वैज्ञानिक डॉ. कैरी फाउलर की सोच और नॉर्वे सरकार की फंडिंग से तैयार यह वॉल्ट असल में इंसानी भविष्य के लिए एक 'ग्लोबल इंश्योरेंस पॉलिसी' है. इसका मकसद है कि अगर दुनिया के किसी हिस्से में परमाणु जंग, भयंकर सूखा, या कोई बड़ी प्राकृतिक आपदा आ जाए और वहां की फसलें व पेड़-पौधे हमेशा के लिए खत्म हो जाएं, तो इस तिजोरी में सुरक्षित रखे गए बीजों से उस जीवन को दोबारा उगाया जा सके.
प्रलय आ जाए तब भी बर्बाद न हो ये जगह
यह कोई साधारण स्टोरेज रूम नहीं है. यह एक विशाल बर्फीले पहाड़ के अंदर 150 मीटर गहराई में बना है, जहां परमानेंट जमी रहने वाली बर्फ (परमाफ्रॉस्ट) और ग्रेनाइट की चट्टानें इसे प्राकृतिक रूप से ठंडा रखती हैं. इस तिजोरी के भारी-भरकम दरवाजों के पीछे तापमान को हमेशा शून्य से नीचे माइनस 18 डिग्री पर सेट रखा जाता है ताकि बीज सदियों तक सुरक्षित रहें. यहां किसी भी तरह के जीएमओ (जीन संवर्धित) या गैर-कानूनी बीजों को रखने की सख्त मनाही है.
भारत की भूमिका भी है अहम
इस वॉल्ट की सबसे खूबसूरत बात यह है कि यह दुनिया के देशों को जोड़ने का काम करता है. जो देश आपस में बात तक करना पसंद नहीं करते, जैसे उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया, उनके बीज भी यहां एक साथ सुरक्षित रखे हैं. भारत ने भी इस मुहिम में पूरा सहयोग दिया है और अपने खास पारंपरिक बीज जैसे- चना, मूंगफली, बाजरा और अरहर (pigeon pea) यहां जमा कराए हैं.
यह भी पढ़ें | दिवाली के बाद रूसी बहू की विदाई, भारत से रोते-रोते गई कसीनिया, बोली- सास का शगुन रह गया
बैंक की तरह काम, सीरिया संकट में साबित हुआ वरदान
यह वॉल्ट एक अनोखे बैंक की तरह काम करता है. जो देश यहां अपने बीज जमा करता है, मालिकाना हक उसी का रहता है और सिर्फ वही उसे वापस निकाल सकता है. कुछ साल पहले सीरिया युद्ध के दौरान जब अलेप्पो का लोकल जीन बैंक तबाह हो गया, तब इतिहास में पहली बार इस 'डूम्सडे वॉल्ट' से बीजों की निकासी की गई और खेती को बचाया गया. बदलते मौसम और बढ़ती आबादी के बीच, ये बीज भविष्य में हमारे वजूद को बचाने की आखिरी उम्मीद हैं.
यह भी पढ़ें | जान जोखिम में डालकर पाताल लोक पहुंचा राजस्थान का किसान, बताया- सूखे कुएं में पानी कैसे लाते हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं