सर्दियां आते ही ताजी-ताजी सब्जियां बाजार में अपनी जगह बना लेती हैं, जिनमें से एक है चुकंदर. इसमें मौजूद आयरन, फोलिक एसिड, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को कई तरह की बीमारियों से दूर रखने में मदद करते हैं. कुछ लोग इसे सिर्फ सलाद के रूप में खाना पसंद करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं, आप इसे कई तरह से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं.
इन रेसिपीज की सबसे खास बात ये है कि ये शरीर को अंदर से गर्म रखने के साथ ही साथ शरीर में खून की कमी को दूर करने और स्किन को ग्लोइंग बनाने में भी मददगार हैं.
चुकंदर से क्या बना सकते हैं?
चुकंदर की स्मूदी:
एक छोटे साइज का उबला या छिला हुआ चुकंदर लें. इसमें आधा कप गाजर, अदरक का छोटा टुकड़ा, थोड़ी सी पुदीने की पत्तियां और जरूरत के अनुसार नारियल पानी या सादा पानी मिलाएं. मिक्सी में पीसकर एक स्मूथ ड्रिंक तैयार करें. स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा नींबू का रस और काला नमक छिड़कें.
चुकंदर का चटपटा अचार:
सबसे पहले चुकंदर को लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें. अब एक पैन में थोड़ा सा सरसों का तेल गर्म करें और उसमें राई, हींग, सौंफ और थोड़े से मेथी दाने का तड़का लगाएं. इसमें कटे हुए चुकंदर डालकर 2 मिनट तक भूनें, फिर गैस बंद करने के बाद इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर और थोड़ा सा सिरका मिला लें और इसे कांच के जार में भरकर स्टोर कर लें.
चुकंदर का हेल्दी चीला:
एक कप बेसन में आधा कप कसा हुआ चुकंदर, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, खूब सारा हरा धनिया और थोड़ी सी अजवाइन मिलाएं. अब पानी डालकर न ज़्यादा गाढ़ा और न ज्यादा पतला घोल तैयार कर लें. तवे पर हल्का सा तेल लगाकर इसे दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेक लें और फिर मजे से चटनी के साथ खाएं.
चुकंदर का पराठा:
गेहूं के आटे में कसा हुआ चुकंदर, नमक, अजवाइन, बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा सा घी और कसूरी मेथी डालकर गूंध लें. फिर इस गुलाबी आटे की लोई बनाकर अपनी पसंदीदा शेप के करारे पराठे सेक लें.
इसे भी पढ़ें: Cockroach Recipe: पहली नजर में लगेगा असली कॉकरोच, लेकिन स्वाद ऐसा कि बार-बार मांगेंगे बच्चे, वीडियो में देखें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं