सर्दियों का मौसम आते ही खानपान में ऐसी चीजों को शामिल करने की सलाह दी जाती है, जो शरीर को पोषण देने के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखें. इन्हीं चीजों में से एक है च्यवनप्राश. अब, ज्यादातर लोग बाजार से च्यवनप्राश खरीदकर खाते हैं. लेकिन बाजार में मिलने वाले ज्यादातर च्यवनप्राश में चीनी की मात्रा काफी ज्यादा होती है. ऐसे में आप चाहें, तो घर पर भी बड़ी ही आसानी से च्यवनप्राश बनाकर तैयार कर सकते हैं. इसे लेकर मशहूर योग गुरु कैलाश बिश्नोई ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने देसी च्यवनप्राश बनाने की बेहद आसान रेसिपी शेयर की है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें-
च्यवनप्राश बनाने के लिए आपको-
- ताजा आंवला
- खजूर
- 200 से 250 ग्राम गुड़
- तुलसी के पत्ते
- अदरक
- देसी घी
- लौंग
- कड़ी पत्ता
- इलायची और
- दालचीनी की जरूरत होगी.
- इसके लिए सबसे पहले आंवले को अच्छी तरह धोकर उबाल लें.
- जब आंवले पूरी तरह नरम हो जाएं, तो उन्हें बाहर निकालकर ठंडा कर लें और उनके बीज निकालकर अलग कर लें.
- अब, आंवले के गूदे को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें. आपको आंवले का पेस्ट बना लेना है. इस पेस्ट को निकालकर अलग रख लें
- अब, खजूर के बीज भी निकालकर अलग कर लें. इसके बाद खजूर को मिक्सी जार में डालें, इसी में तुलसी और अदरक डालकर पेस्ट बना लें.
- एक पैन में थोड़ा सा घी डालकर गर्म कर लें. इसमें तैयार आंवले का पेस्ट और खजूर का पेस्ट डालकर अच्छी तरह चलाएं.
- इसके बाद इसमें 200 से 250 ग्राम पीसा हुआ गुड़ डाल दें.
- अब, एक दूसरे पैन में लौंग, इलायची, दालचीनी, कड़ी पत्ता डालकर ड्राई रोस्ट कर लें. इसके बाद इन सभी को मिक्सी में डालकर बारीक पाउडर बना लें.
- इस पाउडर को भी आंवले वाले पेस्ट में डालकर अच्छी तरह मिला लें.
इतना करते ही आपका देसी च्यवनप्राश बनकर तैयार हो जाएगा. आप इसे किसी साफ और सूखे कांच के जार में स्टोर कर रख सकते हैं और रोज थोड़ी मात्रा में खा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- बिना टूटे एक ही बार में बन जाएगी मक्के की रोटी, मास्टरशेफ ने बताया मक्के की रोटी बनाने का सबसे आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं