विज्ञापन

Amla Gud Laddu: न कड़वे, न कसैले... घर पर बनाएं गुड़ वाले आंवले के लड्डू, 6 महीनों तक रहेंगे फ्रेश, जान लें आसान रेसिपी

आप सर्दियों के मौसम में गुड़ और आंवले के लड्डू बना सकते हैं. बच्चों से लेकर बड़ों तक और पूरे परिवार के लिए ये काफी पौष्टिक साबित होंगे. साथ ही इन्हें बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगेगी.

Amla Gud Laddu: न कड़वे, न कसैले... घर पर बनाएं गुड़ वाले आंवले के लड्डू, 6 महीनों तक रहेंगे फ्रेश, जान लें आसान रेसिपी
गुड़ वाले आंवले के लड्डू कैसे बनाएं?
Photo Credit: NDTV

Amla Gud Laddu Recipe: सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है और बाजार-ठेलों पर आंवला दिखना शुरू हो गया है. आंवला सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, लेकिन इसके कसैले स्वाद की वजह से अक्सर बच्चे और कई बार बड़े भी इसे खाने से कतराते हैं. वहीं, आंवले का मुरब्बा बनाने में उसे गोदने और चाशनी बनाने की काफी मेहनत लगती है. ऐसे में अगर आप भी अगर आप भी बिना ज्यादा मेहनत के अपने परिवार और बच्चों को आंवले के गुणों का फायदा देना चाहते हैं, तो गुड़ और आंवले के लड्डू एक बेहतरीन ऑप्शन हैं. इसमें गुड़ का भी इस्तेमाल किया जाता है जिसके कारण ये स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी रहता है. इसी कड़ी में आइए जानते हैं इन्हें बनाने की आसान रेसिपी और लंबे समय तक स्टोर करने के खास टिप्स. इसकी जानकारी यूट्यूब पर @LiveUpLife नाम के चैनल से शेयर की गई है.

आंवले के लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • गुड़
  • देसी घी
  • ड्राई फ्रूट्स
  • काजू, किशमिश, कद्दूकस किया नारियल और खरबूजे/कद्दू के बीज
  • इलायची पाउडर
  • नारियल का बुरादा

आंवले के लड्डू की रेसिपी

सबसे पहले आंवलों को उबाल लें और ठंडा होने पर उनके सारे बीज निकालकर अलग कर दें. अब इन उबले हुए आंवलों को मिक्सी में दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि इसका एकदम बारीक पेस्ट नहीं बनाना है. अगर पीसने में दिक्कत आए, तो आप इसमें जरा सा पानी मिला सकते हैं. 

अब गैस पर एक मोटे तले का स्टील का बर्तन या कड़ाही चढ़ाएं और उसमें 1 बड़ा चम्मच घी डालें. फिर दरदरे पिसे हुए आंवले डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. आंवले पहले से उबले हैं, इसलिए ढक्कन लगाने की जरूरत नहीं है. करछी से बड़े टुकड़ों को मैश करते जाएं. जरूरत लगे तो थोड़ा घी और डालें और तब तक भूनें जब तक कि मिश्रण कड़ाही का तला न छोड़ने लगे.

ध्यान रहे कि आंवले की कोई भी रेसिपी लोहे या एल्युमीनियम की कड़ाही में बिल्कुल न बनाएं. आंवले में खटास होती है, जिससे लोहे के बर्तन में इसका रंग काला पड़ जाता है और स्वाद भी कसैला हो जाता है. हमेशा स्टील के बर्तन का ही इस्तेमाल करें.

यह भी पढ़ें: सर्दियों में ऐसे बनाएं बाजरे-मेथी का ढेबरा और लहसुन की चटनी, बच्चे से लेकर बड़े सब चट कर जाएंगे

जब आंवला अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें आंवले के बराबर मात्रा में गुड़ डालें. गुड़ पिघलने पर मिश्रण थोड़ा गीला हो जाएगा. अब इसे धीमी आंच पर गुड़ की डलियों को मैश करते हुए लगातार पकाएं. इसे तब तक पकाना है जब तक कि मिश्रण गाढ़ा न हो जाए और किनारों से घी अलग न होने लगे. आपको बता दें कि इसे जितना अच्छा पकाएंगे, लड्डू की शेल्फ-लाइफ उतनी ही ज्यादा रहेगी.

घी अलग होने के बाद गैस बंद न करें. धीमी आंच पर ही इसमें कुटी हुई इलायची, काजू, किशमिश, नारियल और मगज के बीज डालें. ड्राई फ्रूट्स डालने के बाद इसे धीमी आंच पर सिर्फ 2 मिनट तक लगातार चलाते हुए और पकाएं, फिर गैस बंद कर दें.

गैस बंद करने के बाद भी कड़ाही गर्म रहती है, इसलिए मिश्रण को 1-2 मिनट तक चलाते रहें ताकि तले में जले नहीं. इसे बिना ढके ठंडा होने दें. ठंडा होने पर हथेलियों पर हल्का सा घी लगाएं और गोल-गोल चमकदार लड्डू बांध लें.

कैसे करें स्टोर?

अगर आप इन्हें थोड़े दिनों में खत्म करने वाले हैं, तो रूम टेंपरेचर पर ही रख सकते हैं. लेकिन अगर इन्हें 5 से 6 महीने तक स्टोर करना है, तो किसी एयर-टाइट कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखें. इससे ये महीनों तक बिल्कुल फ्रेश रहेंगे.

यह भी पढ़ें: घर पर देसी च्यवनप्राश कैसे बनाएं? यहां पढ़ें सबसे ताकतवर च्यवनप्राश बनाने की रेसिपी

यह भी पढ़ें: अमरूद की चटनी कैसे बनाएं? यहां पढ़ें स्वाद में लाजवाब खट्टी-मीठी चटनी की रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com