गुजरात का खानपान अपनी अनूठी और सेहतमंद रेसिपीज़ के लिए दुनियाभर में मशहूर है. सर्दियों का मौसम आते ही गर्मागर्म और पौष्टिक चीजों की तलाश शुरू हो जाती है, ऐसे में गुजराती थाली का एक खास स्वाद दिलों पर राज करता है बाजरे के ढेबरा. यह पारंपरिक डिश स्वाद और सेहत का एक ऐसा बेहतरीन मेल है जो आपके रोज के नाश्ते या डिनर को बेहद खास बना देता है. बाजरे के आटे, ताजी हरी मेथी और मसालों के मेल से बनने वाले ये ढेबरा खाने में जितने स्वादिष्ट होते हैं, शरीर को अंदर से उतनी ही गर्माहट और ऊर्जा भी देते हैं. वहीं, अगर इसके तीखी और चटपटी लहसुन की चटनी मिल जाए, तो बस क्या कहने.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- डेढ़ कप बाजरे का आटा
- तीन-चौथाई कप गेहूं का आटा
- डेढ़ कप ताजी कटी हुई हरी मेथी
- आधा कप बारीक कटा हुआ हरा धनिया
- 1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
- 1 छोटा चम्मच अजवाइन
- एक-चौथाई छोटा चम्मच हींग
- 1 छोटा चम्मच भुने हुए जीरे का पाउडर
- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च का पाउडर
- नमक (स्वादानुसार)
- जरूरत के अनुसार पानी (आटा गूंथने के लिए)
- घी या तेल
- अदरक-मिर्च का दरदरा पेस्ट
- ताजा अदरक और हरी मिर्च
चटनी के लिए:
- 25 से 30 लहसुन की कलियां
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 1 बड़ा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- 1 मध्यम आकार का टमाटर
- 2 टेबलस्पून तेल
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- नमक (स्वादानुसार)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में डेढ़ कप बाजरे का आटा और तीन-चौथाई कप गेहूं का आटा छान लें. अब इसमें तिल, अजवाइन, हींग, भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- अब इसमें बारीक कटी हुई फ्रेश मेथी, हरा धनिया और दरदरा कुटा हुआ अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें। सभी चीजों को हाथों से अच्छे से मिलाते हुए गुनगुने पानी की मदद से एक मुलायम और चिकना आटा गूंथ कर तैयार कर लें.
- आटे को सेट होने के लिए 5 से 10 मिनट ढककर रख दें.
- मिक्सी के जार में लहसुन की कलियां, सूखी लाल मिर्च और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर पीस लें. इसके बाद इसमें कटा हुआ टमाटर डालकर दोबारा पीसकर एक स्मूथ प्यूरी बना लें.
- अब एक पैन में दो टेबलस्पून तेल गर्म करें, उसमें जीरा डालें और तैयार किया हुआ लहसुन-मिर्ची का पेस्ट डाल दें.
- थोड़ा सा पानी और नमक डालकर मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल अलग न हो जाए। आपकी टेस्टी चटनी तैयार है.
- गूंथे हुए आटे में से एक मीडियम साइज की लोई लें.
- इसे चिकना करके बाजरे के सूखे आटे की मदद से हल्का मोटा बेल लें.
- ध्यान रखें कि बाजरे के ढेबरा पतले नहीं बेले जाते, वरना वे कड़े हो जाते हैं, किनारों को गोल और साफ़ दिखाने के लिए किसी गोल ढक्कन या कटर से काट कर शेप दे सकते हैं.
- एक लोहे के तवे को गर्म करें और उसपर थोड़ा सा घी लगाएं.
- बेला हुआ ढेबरा तवे पर डालें, जब यह एक तरफ से थोड़ा सिक जाए तो इसे पलट दें.
- अब दोनों तरफ से घी या तेल लगाते हुए हल्का दबा-दबाकर सुनहरा और करारा होने तक सेक लें.
- गर्मागर्म बाजरे के ढेबरों को इस स्पेशल तीखी लहसुन की चटनी के साथ प्लेट में सजाएं और परिवार के साथ इस बेहतरीन गुजराती स्वाद का लुत्फ उठाएं.
इसे भी पढ़ें: चुकंदर से क्या-क्या बनाया जा सकता है? इस तरह से बनाएंगे, तो बच्चे भी खूब चाव से खाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं