अचार किसी भी खाने के स्वाद को बढ़ाने का काम करता है और बात जब मिर्च की आती है तो ये और भी खास हो जाता है. क्या आपने कभी बिना तेल वाला अचार खाया है? जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. आज हम आपको राजस्थान की एक ऐसी खास रेसिपी बताने जा रहे हैं जो स्वाद में तो लाजवाब है ही, साथ ही सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है. इसे राजस्थानी पानी वाला मिर्च का अचार या मिर्ची की कांजी भी कहते हैं. इसमें तेल की एक बूंद भी नहीं लगती, फिर भी यह इतना चटपटा बनता है कि आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे. इस रेसिपी को (@FoodzLife) नामक यूट्यूब चैनल पर शेयर किया गया है. तो चलिए कैसे बनती है ये रेसिपी और क्यों है खास.
क्यों खास है यह अचार?
अक्सर हम जो अचार खाते हैं, उनमें बहुत ज्यादा तेल और मसाले होते हैं, जो कभी-कभी पचने में भारी लगते हैं. लेकिन यह अचार पानी से बना है और फर्मेंटेशन प्रोसेस से तैयार होता है. यह हमारी पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में मदद कर सकता है. इसे बनाना भी बहुत आसान है और सबसे अच्छी बात यह है कि यह सिर्फ 3 से 4 दिन में बनकर तैयार हो जाता है.
यहां देखें वीडियो-
अगर आप फटाफट इस रेसिपी को पढ़ना चाहते हैं, तो स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी नीचे है-
कैसे बनाएं पानी वाला मिर्च का अचार- (How To Make Pani Wala Achar)
- इसे बनाने के लिए हमें चाहिए लगभग 500 ग्राम फ्रेश कम तीखी मिर्च.
- पहले मिर्चियों को धोकर सुखा लें. अब मसालों में बारीक वाली राई, साबुत सौंफ, मेथी दाना, भुना हुआ जीरा, हल्दी, हींग और स्वाद अनुसार नमक का दरदरा पाउडर तैयार करें.
- सबसे जरूरी स्टेप है मिर्च को हल्का सॉफ्ट करना. एक कड़ाही में पानी उबालें और उसमें मिर्च को डालकर आंच बंद कर दें.
- इन्हें 10 मिनट तक ढका रहने दें, फिर बाहर निकाल लें. याद रखें, मिर्च का डंठल बिल्कुल नहीं हटाना है.
- मिर्च में लंबाई में कट लगाएं और तैयार मसाला अंदर भर दें. अब एक साफ कांच के जार में ये भरी हुई मिर्चियां रखें और वही पानी डालें जिसमें मिर्च उबाली थीं इसमें दो चम्मच सफेद सिरका डालें.
- सिरका इसे खराब होने से बचाएगा. जार को ढक्कन लगाने के बजाय सूती कपड़े से बांधकर 3-4 दिन तक अच्छी धूप में रखें.
- जब राई ऊपर तैरने लगे, तो समझ जाइए कि आपकी कांजी तैयार है.
इसे कैसे करें स्टोर?
जब अचार पूरी तरह तैयार हो जाए, तो इसे फ्रिज में रखें. आप इसे 2 से 3 महीने तक आराम से खा सकते हैं. इसे आप खाने के साथ सर्व करें या फिर इसका पानी गोलगप्पे के पानी की तरह भी पी सकते हैं, यह बेहद गुणकारी माना जाता है.
मिर्ची कांजी क्या होती है?
मिर्ची कांजी राजस्थान और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बनाई जाने वाली पारंपरिक फर्मेंटेड डिश है. इसे पानी, राई और मसालों की मदद से तैयार किया जाता है, जिससे इसका स्वाद खट्टा-तीखा हो जाता है.
फर्मेंटेड अचार क्या होता है?
फर्मेंटेशन एक प्राकृतिक प्रक्रिया है.
इसमें अच्छे बैक्टीरिया विकसित होते हैं.
यही प्रक्रिया अचार को उसका खास खट्टा स्वाद देती है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बेसन, घी और चीनी से झटपट ऐसे तैयार करें मुंह में घुल जाने वाली हलवाई जैसी मोहनथाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं