रेलवे बोर्ड ने भदोही-प्रयागराज-वाराणसी रूट पर मेमू ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है. इससे मिर्जापुर समेत पूर्वांचल के लोगों को आसपास के जिलों में आवाजाही में काफी आसानी होगी. कालीन के लिए मशहूर भदोही और इसके पड़ोसी जिलों वाराणसी और प्रयागराज के बीच रोजाना यात्रा करने वालों को सस्ते सफर का विकल्प मिलेगा. रेलवे बोर्ड ने वाराणसी-भदोही-प्रयागराज रूट पर एक नई जोड़ी मेमू पैसेंजर ट्रेन के प्रस्ताव को स्वीकार कर इसका टाइमटेबल बनाने का निर्देश दिया है. मिर्जापुर समेत पूरे पूर्वांचल रीजन के लिए ये नई ट्रेन सस्ता और सुरक्षित सफर देने वाली होगी.
नई मेमू ट्रेन का टाइम शेड्यूल
भदोही-प्रयागराज-वाराणसी रूट की यह ट्रेन पूरी तरह इलेक्ट्रिक इंजन पर तेज गति वाली होगी. वाराणसी जंक्शन कैंट से शुरू होकर, सेवापुरी, भदोही, ज्ञानपुर रोड, हंडिया से प्रयागराज रामबाग तक ये जाएगा. यह मेमू ट्रेन दिन में दो बार दो फेरे लगाएगी.सुबह ऑफिस-कॉलेज जाने वाले और शाम को लौटने वाले रेलयात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा. रोडवेज बसों या ऑटो के मुकाबले मेमू ट्रेन का किराया 25 फीसदी से भी कम होगा.आम जनता और मजदूरों के लिए ये बेहद किफायती साबित होगी.
छोटे कारोबारियों को फायदा
भदोही जिला में पिछले तीन दशकों से रोडवेज बसों का उचित ठहराव न होने के कारण व्यापारी काफी परेशान था. इस नई मेमू ट्रेन से भदोही के कालीन उद्यमी, कारीगर और खरीदार बिना किसी ट्रैफिक जाम के झंझट के वाराणसी हवाई अड्डे या वाराणसी और प्रयागराज रेलवे स्टेशनों से मात्र 1 से डेढ़ घंटे में भदोही आवाजाही कर पाएंगे.
ये भी पढ़ें - यूपी-मुंबई एक और स्पेशल ट्रेन का ऐलान, मऊ से चलकर वाराणसी-प्रयागराज-कटनी-इटासी-भुसावल-नासिक होते पहुंचेगी LTT
माल ढुलाई में आसानी
रेलवे बोर्ड ने छोटे व्यापारियों के लिए ट्रेन कोच में ही माल ढुलाई को आसान बनाया है. भदोही के कालीन कारोबारी और प्रयागराज-प्रतापगढ़ के फल और आंवला व्यापारी नई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों के कोच बुक करके अपना माल सीधे दिल्ली, पटना या मुंबई तक बेहद सस्ते दामों पर भेज सकेंगे. वाराणसी की मंडी से सब्जी-फल दुकानदार और दूध विक्रेता को भी अच्छा साधन मिल जाएगा.
ये भी पढ़ें - कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार मेल अब दादरी स्टेशन पर भी रुकेगी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा और खुर्जा के यात्रियों को बड़ा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं