प्रेशर कुकर ने खाना पकाना आसान बना दिया है, लेकिन कई लोग सुविधा के लिए लगभग हर चीज उसी में बना लेते हैं. कुकिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं जिनके लिए प्रेशर कुकिंग सबसे अच्छा विकल्प नहीं है. इससे उनके स्वाद और टेक्सचर पर असर पड़ सकता है. आइए जानते हैं ऐसी 5 चीजों के बारे में जिन्हें कुकर में पकाने से बचना चाहिए.
प्रेशर कुकर में कौन सी चीजें नहीं पकानी चाहिए-
1. पास्ता और मैक्रोनी-
पास्ता या मैक्रोनी को कई लोग झटपट बनाने के लिए कुकर में डाल देते हैं. लेकिन कुकर के अंदर पास्ता बहुत ज्यादा गल जाता है और उसका स्वाद भी खराब हो जाता है. पास्ता में स्टार्च की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जो कुकर के प्रेशर वाल्व को जाम कर सकती है. पास्ता हमेशा खुले पैन में पानी उबालकर ही पकाना चाहिए ताकि वह परफेक्ट बने.

2. चावल-
चावल तो हम रोज कुकर में बनाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुकर में चावल पकाने से उसमें मौजूद स्टार्च एक ऐसी खतरनाक गैस बनाता है जो सेहत के लिए अच्छी नहीं होती. इसके अलावा, कुकर में चावल बहुत जल्दी गल जाते हैं और उनका पोषण खत्म हो जाता है. अगर आप एकदम खिले-खिले और सेहतमंद चावल चाहते हैं, तो उन्हें हमेशा पतीले में खुले पानी में उबालकर बनाएं.
3. दूध और उससे बनी चीजें-
अक्सर लोग दूध या खीर जल्दी बनाने के चक्कर में उसे कुकर में चढ़ा देते हैं. लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए. कुकर का प्रेशर और उसका बंद माहौल दूध को तुरंत फाड़ देता है. इसके अलावा, दूध में मौजूद फैट और प्रोटीन कुकर की रबड़ या सीटी वाले हिस्से में जाकर चिपक सकते हैं. इससे कुकर का प्रेशर ब्लॉक हो सकता है और कुकर फटने का खतरा भी बढ़ सकता है.
4. हरी पत्तेदार सब्जियां-
हरी सब्जियां सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं, लेकिन इन्हें पकाने का तरीका सही होना चाहिए. जब आप पालक या मेथी जैसी सब्जियों को कुकर में सीटी लगाकर पकाते हैं, तो उनका नेचुरल हरा रंग और जरूरी विटामिन्स भाप के जरिए उड़ जाते हैं. हरी सब्जियों को हमेशा कढ़ाई या खुले बर्तन में पकाना चाहिए.
5. टमाटर और खट्टी चीजें-
क्या आप दाल या सब्जी में खट्टापन लाने के लिए टमाटर, इमली या नींबू सीधे कुकर में डाल देते हैं? अगर हां, तो संभल जाइए. टमाटर और खट्टी चीजों में एसिड होता है. जब इन्हें कुकर के अंदर एल्युमिनियम के साथ तेज प्रेशर में पकाया जाता है, तो एल्युमिनियम मेटल खाने में घुलने लगता है. यह केमिकल हमारी सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक होता है और पेट की कई बीमारियां पैदा कर सकता है.
ये भी पढ़ें- अंजीर कैसे बनता है? जानिए पेड़ से लेकर आपकी थाली तक का दिलचस्प सफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं