क्या आपके घर में भी लौकी का नाम सुनते ही बच्चे और बड़े नाक मुंह बनने लगते हैं? अगर हां, तो अब आपको परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम आपको शेफ अरुणा विजय द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर लौकी की एक ऐसी ही रेसिपी के बारे में बता रहे हैं जिसे एक बार खाएंगे तो बार-बार करेंगे बनाने की डिमांड. जी हां, आज हम बात कर रहे हैं राजस्थान की बेहद फेमस कचौड़ी वाली लौकी की. यह डिश खाने में जितनी मजेदार है, उतनी ही अनोखी भी है. इसमें लौकी को राजस्थान की मशहूर मूंग दाल की कचौड़ी जैसी स्टफिंग के साथ तैयार किया जाता है और ऊपर से क्रीमी दही की ग्रेवी डाली जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का बिल्कुल आसान तरीका.
यहां देखें रेसिपी वीडियो-
कैसे बनाएं कचौड़ी वाली लौकी-
सामग्री-
स्टफ्ड लौकी के लिए-
- लौकी– 1 पूरी
स्टफिंग के लिए-
- मूंग मोगर दाल (भिगोई हुई) – ¾ कप
- तेल – 1½ बड़ा चम्मच
- हींग – ½ छोटा चम्मच
- साबुत धनिया (दरदरा कुटा हुआ) – 1 छोटा चम्मच
- सौंफ (दरदरी कुटी हुई) – 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
- कसूरी मेथी – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- गरम मसाला – 1 छोटा चम्मच
- नमक – 1½ छोटा चम्मच
- हरा धनिया (बारीक कटा हुआ) – 1 बड़ा चम्मच
- पुदीने की पत्तियां (बारीक कटी हुई) – 1 छोटा चम्मच
- बेसन – 2 बड़े चम्मच
- पानी – 3 से 4 बड़े चम्मच (आवश्यकतानुसार)
दही की ग्रेवी के लिए-
- तेल – 1 बड़ा चम्मच
- जीरा – 1 छोटा चम्मच
- हींग – ¼ छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
- गाढ़ा दही (फेंटा हुआ) – 1½ कप
- बेसन – 1 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- पानी – 1½ से 2 कप
- कसूरी मेथी – 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
विधि-
- सबसे पहले मूंग दाल को 2 से 3 घंटे के लिए भिगो दें. इसके बाद इसका पानी अच्छी तरह निकालकर मिक्सी में बिना पानी डाले दरदरा पीस लें.
- एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें हींग, कुटा हुआ धनिया और सौंफ डालें. अब पिसी हुई दाल और बाकी सभी स्टफिंग वाले मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- अगर मिश्रण सूखा लगे, तो थोड़ा पानी छिड़क कर इसे बांध लें.
- लौकी को छीलकर मोटे गोल टुकड़ों में काट लें. बीच का हिस्सा निकालकर अलग कर लें.
- अब इन टुकड़ों को गर्म पानी में 5 से 7 मिनट के लिए उबाल लें. और पानी निकालकर रख लें.
- इसके बाद तैयार की गई दाल की स्टफिंग को लौकी के छल्लों में कसकर भर दें.
- एक तवे पर थोड़ा सा तेल लगाएं और स्टफ की हुई लौकी को दोनों तरफ से तब तक सेंके जब तक यह नरम न हो जाए और हल्का भूरा रंग न आ जाए.
- एक कटोरे में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंट लें ताकि कोई गांठ न रहे. अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें, उसमें जीरा, हींग और सभी मसाले डालें.
- गैस की आंच धीमी करके फेंटा हुआ दही लगातार चलाते हुए डालें. इसके बाद पानी मिलाएं और ग्रेवी को पकने दें.
- आखिर में कस्तूरी मेथी और गरम मसाला डालकर गैस बंद कर दें.
- एक प्लेट में सिकी हुई स्टफ्ड लौकी रखें और परोसने से ठीक पहले इसके ऊपर गरमा-गरम दही की ग्रेवी डाल दें.
खास टिप्स-
- दाल को पीसते समय ध्यान रखें कि उसे बारीक पेस्ट न बनाएं, बल्कि दरदरा ही रखें ताकि खाते समय अच्छा क्रंच मिले.
- जब आप कढ़ाई में दही डालें, तो आंच बिल्कुल धीमी रखें और लगातार चलाते रहें, वरना दही फट सकता है.
- स्टफिंग करते समय अगर मिश्रण सूखा लगे, तो हल्का सा पानी छिड़क लें ताकि वह आसानी से लौकी में सेट हो जाए.
- हमेशा ग्रेवी को परोसने से ठीक पहले ही लौकी के ऊपर डालें, इससे डिश का क्रिस्पी और बढ़िया टेक्सचर बना रहता है.
ये भी पढ़ें-
आज क्या बनाऊं: बिना तेल और धूप के छाछ में भिगोकर हरी मिर्च का अचार कैसे बनाएं? नोट करें सीक्रेट रेसिपी
जापान में इस तरह पकाया जाता है शकरकंद, जानें Sweet Potato पकाने का सबसे टेस्टी और हेल्दी तरीका
बढ़ती उम्र में भी मजबूत रहेंगी हड्डियां, बस रोज 1 कटोरी खाएं इस चीज से बना रायता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं