Pitru Paksha 2026 : हिन्दू धर्म में पितृ पक्ष का विशेष महत्व है. ये एक ऐसा समय होता है, जब लोग अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि देते हैं. इन दिनों किए जाने वाले श्राद्ध और तर्पण में खानपान का विशेष महत्व होता है. ऐसी मान्यता है कि श्राद्ध के दिन बनाया गया सात्विक भोजन पूर्वजों को अर्पित किया जाता है, इसलिए खाने-पीने की चीजों को भी सोच-समझकर चुनना चाहिए. पारंपरिक मान्यताओं के मुताबिक, इस दिन भोजन शुद्ध, सात्विक और घर में ताजा तैयार किया हुआ होना चाहिए.
वहीं, पितृ पक्ष की बात करें तो इस साल इसकी शुरुआत 26 सितंबर 2026 से 10 अक्टूबर 2026 के बीच होगा. इन दिनों भी खानपान को लेकर भी काफी सतर्क रहने की सलाह दी जाती है. हिन्दू मान्यताओं को अनुसार, इस दौरान हमें कुछ चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए. यहां विस्तार से जानते हैं पितृ पक्ष में बमें क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?
पितृ पक्ष में क्या खाना चाहिए?
पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, श्राद्ध और पितृ पक्ष के दौरान सात्विक भोजन खाना चाहिए. इनमें कुछ चीजें शामिल हैं, जैसे-
दूध से बनी चीजें : गाय का दूध, दही, देसी घी, खीर और दूध से बने प्रसाद का सेवन करना इस समय सही माना जाता है.
अनाज : जौ, तिल, गेहूं, चावल, मूंगदाल जैसी चीजें भी इस दौरान खाने की सलाह दी जाती है.
सब्जियां और फल : कद्दू, लौकी, तोरई, करेला, अरबी, कच्चे केले की सब्जी, संतरा, सेब, नाशपाती जैसे फल और सब्जियों का सेवन किया जा सकता है.
इसके अलावा सात्विक भोजन को हमेशा शुद्ध घी, सेंधा नमक और फ्रेश मसाले डालकर तैयार करें.
पितृ पक्ष में क्या नहीं खाना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृपश्र में कुछ चीजों को खाने से परहेज करना चाहिए, जैसे-
- प्याज और लहसुन
- मसूर की दाल
- बासी खाना
- मांस, मछली और अंडा
- शराब और अन्य नशीले पदार्थ
- जंक फूड और बाहर का भोजन
- चना, चने की दाल और सत्तू
- कुछ परंपराओं में गाजर, मूली, शलजम और चुकंदर जैसी जड़ वाली सब्जियां भी इस दौरान नहीं खाना चाहिए.
श्राद्ध भोजन बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
पारंपरिक मान्यताओं को अनुसार, श्राद्ध भोजन का खाना बनाते समय भी हमें कुछ बातों पर ध्यान देने की जरूरत होती है, जैसे-
- किचन और बर्तन हमेशा साफ रखें.
- नहाने के बाद शुद्ध मन से खाना तैयार करें.
- भोजन पूरी तरह फ्रेश और सात्विक होना चाहिए.
पितरों को अर्पण करने से पहले भोजन का हिस्सा गाय, कौए, कुत्ते और चींटियों के लिए निकालने की परंपरा भी कई परिवारों में निभाई जाती है. परिवार की कुल परंपरा के अनुसार भोजन तैयार करना अधिक उचित माना जाता है.
ये भी पढ़ें - Pitru Paksha 2026: श्राद्ध का खाना किसे खिलाना चाहिए और किसे नहीं? जानें धर्मग्रंथों में बताए नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं