- देश के कई हिस्सों में सितंबर में अचानक नवंबर-दिसंबर जैसी ठंडी हवा और मूसलाधार बारिश देखने को मिली है
- देश के 26 राज्यों में आज बारिश का अलर्ट जारी है, लखनऊ-प्रयागराज में स्कूलों की छुट्टी रहेगी
- बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है
देशभर का मौसम बदला-बदला सा है. कहीं तेज गर्मी तो कहीं पर मूसलाधार बारिश हो रही है. कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. एक तरफ दिन में तेज धूप और गर्मी दूसरी तरफ रात और सुबह के समय ठंडी सिहरन ला देने वाली हवा से समझ ही नहीं आ रहा कि सितंबर में अचानक नवंबर-दिसंबर वाला मौसम कैसे आ गया. पिछले दो हफ्तों से लगातार दिन में तेज धूप और गर्मी से बुरा हाल था. लेकिन गुरुवार शाम को अचानक चली ठंडी हवा से मौसम कुछ बदला-बदला सा लगा. शुक्रवार देर शाम हवा की तासीर एक दम से बदल गई. इतनी ठंडी और तेज हवा चल रही थी कि एक दम से ऐसा लगा कि नवंबर का दीवाली वाला मौसम आ गया हो. हालांकि नवंबर आने में अभी दो महीने बाकी हैं. मौसम में ये बगावती मिजाज बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम की वजह से देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने 26 सितंबर के लिए देश के 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी और बिहार तक, मौसम का हाल देख लें.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश में भी आज तेज बारिश का अलर्ट है. प्रयागराज से लेकर लखनऊ तक लगातार भारी बारिश हो रही है. प्रयागराज में शनिवार को बारिश के रेड अलर्ट की वजह से प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. वहीं लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद में भी भारी बारिश की वजह से 26 सितंबर को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है. सहारनपुर में प्री प्राइमरी से लेकर डिग्री कॉलेजो तक की छुट्टी है तो वहीं मुरादाबाद में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूलों में अवकाश रखा गया है. 25 सितंबर को लखनऊ, प्रयागराज, मिर्जापुर, अमेठी, गोरखपुर, पीलीभीत, गोंडा, बलरामपुर समेत अन्य जिलों में भारी बारिश के अलर्ट की वजह से स्कूल बंद रखे गए थे.


आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 26 सितंबर को पूरे दिन बादल छाये रहने और शाम के समय कई जगहों पर हल्की और मध्यम बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. इसके साथ ही आंधी-तूफान और 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है. 27 और 28 सितंबर को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने का अनुमान है. दिल्ली में पिछले दिनों से झुलसाने वाली धूप और गर्मी देखने को मिल रही थी. मौसम में इस बदलाव से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

PTI फोटो.
आज उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर को 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को गरज, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है. 26 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है. 27 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है.
The Depression over north Chhattisgarh moved nearly northwards with a speed of 15 kmph during past 06 hours and lay centered at 1800 UTC of 25th September 2026 over north Chhattisgarh & adjoining Northeast Madhya Pradesh, near latitude 22.8°N and longitude 82.1°E, close to Pendra… pic.twitter.com/QHbT6MLOLe
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 25, 2026
आज उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में भी 26 से 28 सितंबर तक कई जगहों पर तेज बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और आंधी-तूफान भी देखने को मिल सकता है.
आज मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ का मौसम
पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. पूर्वी मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) भी चल सकती हैं. वहीं छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान है. कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. दिन में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं