विज्ञापन

DA-DR Hike पर बड़ी खबर, दुर्गा पूजा से पहले 3-4% बढ़ोतरी का ऐलान संभव, जानें सैलरी पर असर

DA-DR Hike पर देशभर के केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को अच्‍छी खबर मिल सकती है. COCGEW ने वित्त मंत्रालय के व्‍यय विभाग के सचिव को पत्र लिखा है. यहां जान लीजिए DA बढ़कर 63 या 64 फीसदी हुआ तो आपकी सैलरी कितनी हो जाएगी.

DA-DR Hike पर बड़ी खबर, दुर्गा पूजा से पहले 3-4% बढ़ोतरी का ऐलान संभव, जानें सैलरी पर असर
DA Hike पर सरकार कब कर सकती है ऐलान?
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

देश के 1.19 करोड़ से ज्‍यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी (DA-DR Hike) का इंतजार है. पिछले कुछ सालों में देखा जाए तो 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले महंगाई भत्ते का ऐलान सितंबर में हो जाता था, लेकिन इस साल सितंबर खत्‍म होने को है और अब तक सरकार ने महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान नहीं किया है. अब एक बड़े राष्‍ट्रीय संगठन ने वित्त मंत्रालय को पत्र लिखकर फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले DA-DR Hike का ऐलान करने का अनुरोध किया है. पत्र की प्रति वित्त सचिव, DoPT सचिव और स्टाफ साइड NC-JCM के सेक्रेटरी जनरल को भी भेजी गई हैं.

ऐसे में कर्मचारी-पेंशनर्स उम्‍मीद जता रहे हैं कि दुर्गा पूजा से पहले सरकार DA-DR बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. 

कॉन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स (COCGEW) ने वित्त मंत्रालय के व्‍यय विभाग के सचिव को लिखे गए पत्र में संशोधन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और औपचारिक ऐलान करने का आग्रह किया है. मांग की गई है कि केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली महंगाई भत्ते यानी DA और महंगाई राहत यानी DR की अगली किस्त को लेकर जल्द फैसला लिया जाए.

त्यौहारों से पहले क्यों जल्द फैसला चाहते हैं कर्मचारी?

कॉन्फेडरेशन के महासचिव MS वेंकटेशन ने 24 सितंबर 2026 को भेजे पत्र में कहा है कि DA और DR में संशोधन साल में दो बार तय फॉर्मूले और वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर किया जाता है, जिसका उद्देश्य महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत के असर से कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देना है.

उन्‍होंने कहा है कि जुलाई के बाद कर्मचारियों के परिवारों पर अतिरिक्त खर्च बढ़ जाता है. बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों, यात्रा और दूसरे पारिवारिक खर्चों के साथ त्योहारी सीजन का खर्च भी सामने होता है. ऐसे में DA/DR की अगली किस्त को लेकर जल्द फैसला कर्मचारियों और पेंशनर्स को वित्तीय राहत दे सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

1 जुलाई से ही DA हाइक बाकी, एरियर के साथ जल्‍द हो भुगतान

संगठन ने इसे कोई अतिरिक्त या अग्रिम लाभ नहीं बताते हुए कहा है कि 1 जुलाई 2026 से ये निर्धारित रूप से देय है. इसलिए संबंधित CPI आंकड़ों और तय फॉर्मूले के आधार पर दर तय होने के बाद प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकारी के सामने जल्द रखा जाना चाहिए.

कर्मचारी संगठन ने मांग की है कि DA/DR में संशोधन का फैसला बिना देरी के किया जाए. इससे संशोधित दर 1 जुलाई 2026 से लागू की जा सकेगी और उस तारीख से बनने वाले बकाया एरियर का भुगतान भी किया जा सकेगा.

60% है मौजूदा DA, 3-4% बढ़ोतरी का ऐलान संभव 

कर्मचारी संगठन ने पत्र में पिछले कुछ वर्षों में DA की दरों में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया है. इसके मुताबिक जुलाई 2023 में केंद्रीय कर्मचारियों का DA 46% था. जनवरी 2024 में ये बढ़कर 50%, जुलाई 2024 में 53%, जनवरी 2025 में 55%, जुलाई 2025 में 58% और जनवरी 2026 से 60% हो गया. यानी जुलाई 2023 से जनवरी 2026 के बीच DA में कुल 14 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है.

देश में अभी 7वां केंद्रीय वेतन आयोग (7th Pay Commission) लागू है और इसके नियमों के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले DA का निर्धारण पिछले 12 महीनों (जुलाई 2025 से जून 2026) के औसत AICPI-IW सूचकांक के आधार पर किया जाता है.

केंद्र सरकार के कर्मियों के लिए तय फॉर्मूला ये है- 

DA% =  [(12 महीनों का औसत AICPI-IW × 2.88) − 261.33] / 261.33 × 100

इस कैलकुलेशन पर DA करीब 63.82% बनता है. यानी राउंड फिगर में ये 63 या 64 फीसदी हो सकता है. यानी मौजूदा DA-DR से 3-4% बढ़ोतरी की उम्‍मीद की जा रही है.  

Latest and Breaking News on NDTV

बढ़कर कितना हो जाएगा महंगाई भत्ता?

DA में बढ़ोतरी के बाद इसे अगर 63 या 64 फीसदी मान लिया जाए तो

  1. 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 31,500 रुपये या 32,000 रुपये हो सकता है. यानी सैलरी 81,500 या 82,000 रुपये हो सकती है. 
  2. इसी तरह 60,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 37,800 रुपये या 38,400 रुपये हो सकता है. यानी सैलरी 97,800 या 98,400 रुपये हो सकती है. 
  3. 70,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 44,100 रुपये या 44,800 रुपये हो सकता है. ऐसे में सैलरी 1,14,100 रुपये या 1,14,800  रुपये हो सकती है. 
  4. 80,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 50,400 रुपये या 51,200 रुपये हो सकता है. और उनकी सैलरी 1,30,400 रुपये या 1,31,200 रुपये हो सकती है. 
  5. और अगर एक लाख रुपये की बेसिक सैलरी हो तो DA करीब 63,000 रुपये या 64,000 रुपये हो सकता है. और इस तरह सैलरी 1,63,000 रुपये या 1,64,000 रुपये हो सकती है. 

ये अनुमानित सैलरी है और इसमें HRA यानी हाउस रेंट अलाउंस और अन्‍य भत्ते भी जुड़ेंगे. इसी आधार पर पेंशनर्स के लिए DR में भी बढ़ोतरी की उम्‍मीद की जा रही है. 

ये भी पढ़ें: DA Hike पर पंजाब सरकार का बड़ा ऐलान, 85 हजार कर्मचारियों को केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता, जानें किन्हें मिलेगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DA Hike, DA Hike 3 Percent, DA Hike 3 To 4 Percent, Salary Hike, DR Hike For Pensioners
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com