विज्ञापन

'गांव में कहते थे मेरी शादी नहीं होगी,' बरनिका ने तानों को ताकत बनाकर 75 साल में रचा इतिहास

बरनिका एलांगोवान ने शुक्रवार को एशियाई खेलों में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया.

'गांव में कहते थे मेरी शादी नहीं होगी,'  बरनिका ने तानों को ताकत बनाकर 75 साल में रचा इतिहास
बरनिका एलांगोवान
X (formerly Twitter)

बरनिका एलांगोवान ने शुक्रवार को एशियाई खेलों में महिलाओं की पोल वॉल्ट इवेंट में भारत के लिए ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया. 29 वर्षीय बरनिका ने कजाखस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ संयुक्त कांस्य पदक जीता, क्योंकि दोनों 4.15 मीटर की सर्वश्रेष्ठ ‘क्लियरेंस' और 4.25 मीटर पर समान संख्या में असफल प्रयासों के साथ बराबरी पर रहीं.

भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि

यह पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत का अब तक का पहला पदक है. जापान की मिसाकी मोरोटा ने 4.55 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास से गोल्ड मेडल जीता, जबकि चीन की चुंगे निउ ने 4.50 से सिल्वर मेडल हासिल किया. दरअसल, यह कांस्य पदक भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि बरनिका पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में पोल ​​वॉल्ट इवेंट में एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली देश की पहली एथलीट बन गई हैं.

बरनिका के कांस्य पदक के साथ भारत के पदकों की कुल संख्या 23 हो गई है, जिसमें दो गोल्ड, नौ सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. इससे पहले दिन में, एथलीट गुलवीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10,000 मीटर इवेंट में 28:29.38 का समय लिया और आसानी से दूसरे स्थान पर रहते हुए भारत के लिए रजत पदक जीता.

 'गांव में सब कहते थे मेरी शादी नहीं होगी'

एशियन गेम्स के 75 साल के इतिहास में पोल वॉल्ट में भारत को पहला पदक दिलाने वाली बरनिका ने अपनी सफलता के पीछे के संघर्ष को भी याद किया. ऐतिहासिक ब्रॉन्ज जीतने वाली बरनिका ने एनडीटीवी से कहा कि उनके गांव में लोग अक्सर ताने देते थे कि खेल में हिस्सा लेने के कारण उनकी शादी नहीं होगी, लेकिन उन्होंने इन बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने खेल पर फोकस रखा और अब इतिहास रचकर सभी आलोचनाओं का जवाब दे दिया.

बरनिका एलंगोवन कौन हैं?

तमिलनाडु के मयिलादुथुरई में 3 फरवरी 1997 को जन्मीं बरनिका एलंगोवन भारत की पोल वॉल्ट एथलीट हैं. उन्होंने राष्ट्रीय एथलेटिक्स सर्किट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है।

ACL चोट के बाद की वापसी

साल 2020 में ACL (घुटने) की गंभीर चोट के कारण बरनिका के करियर पर बड़ा असर पड़ा. लंबी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया के बाद 2023 में वह भुवनेश्वर स्थित रिलायंस फाउंडेशन हाई परफॉर्मेंस सेंटर से जुड़ीं. बेहतर ट्रेनिंग और रिकवरी सुविधाओं की मदद से उन्होंने दमदार वापसी की और अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया.

राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पोल वॉल्टर

मार्च 2026 में बरनिका ने भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4.22 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया. इसके बाद मई 2026 में इंडियन इंडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स एंड पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में 4.23 मीटर कूदकर उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया.

ये भी पढ़ें-  शूटिंग में गोल्ड, एथलेटिक्स में गुलवीर-बरनिका का कमाल, छठे दिन भारत ने जीते 6 मेडल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News, Asian Games 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com