Lauki Paratha Recipe : लौकी का नाम सुनते ही अक्सर हर किसी के बच्चे नाक सिकोड़ लेते हैं. वैसे बच्चे छोड़िए कई बार बड़े भी लौकी के नाम से अपना मुंह बना लेते हैं. लेकिन अगर यही लौकी स्वादिष्ट पराठे के रूप में परोसी जाए, तो बच्चों से लेकर बड़े भी अपनी उंगलियां चाटते रह जाएंगे. लौकी से तैयार पराठा न सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद होता है, बल्कि स्वाद भी इसका काफी जबरदस्त होता है. इस पराठे की अच्छी बात ये है कि इसमें फाइबर, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में प्रभावी हो सकते हैं.
अगर आप बच्चों को हेल्दी खाना खिलाने के लिए रोज नई-नई तरकीबें सोचते हैं, तो ये रेसिपी आपके बहुत काम आ सकती है. खास बात यह है कि इसे बनाना भी बेहद आसान है.
लौकी का पराठा कैसे बनाएं?
मशहूर यूट्यूबर @Kabita's Kitchen की इस रेसिपी को अगर आप एक बार अपने घर पर बना लेंगे, तो हर कोई लौकी का पराठा सप्ताह में दो बार मांगकर खाएगा. वीडियो में देखें रेसिपी-
आवश्यक सामग्री
- गेहूं का आटा - 2 कप
- लौकी - 1 कप कद्दूकस की हुई
- हरी मिर्च - 1 बारीक कटी हुई
- अजवाइन - 1 छोटा चम्मच
- जीरा पाउडर - 1 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी - आधा छोटा चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- हरा धनिया - बारीक कटा
- घी या तेल
विधि
सबसे पहले लौकी को धोकर कद्दूकस कर लें. लौकी में मौजूद पानी को पूरी तरह न निकालें, क्योंकि इसी से आटा गूंथा जाएगा. अब आटे में कद्दूकस की हुई लौकी, हरी मिर्च, अजवाइन, हल्दी, जीरा पाउडर, लाल मिर्च, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें.
जरूरत हो तो थोड़ा-सा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. 10 मिनट ढककर रखने के बाद आटे की लोइयां बनाएं और पराठे बेल लें. तवे पर दोनों तरफ से घी लगाकर सुनहरा होने तक सेंकें.
दही या चटनी के साथ परोसें, बढ़ेगा स्वाद
गर्मागर्म लौकी के पराठों को आप दही, हरी चटनी या अचार के साथ सर्व कर सकते हैं. बच्चों के टिफिन के लिए ये काफी अच्छा ऑप्शन हो सकता है. क्योंकि ये लंबे समय तक नरम बने रहते हैं.
सेहत और स्वाद दोनों साथ
अगर आप चाहते हैं कि बच्चे बिना नखरे किए हेल्दी खाना खाएं, तो लौकी का पराठा जरूर ट्राई करें. यह पौष्टिक होने के साथ इतना स्वादिष्ट होता है कि बच्चे एक नहीं, बल्कि दोबारा भी मांगकर खा सकते हैं.
ये भी पढ़ें - लौकी देखते ही बन जाता है बच्चों का मुंह तो यहां देखें लौंकी से बनी ये परफेक्ट रेसिपी, हर कोई मांग-मांग कर खाएगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं