विज्ञापन

राजस्थानी बाजरे की बाटी कैसे बनाएं? जानें बाटी बनाने का सही तरीका

बिना ओवन के गैस पर बनाइए कुरकुरी राजस्थानी बाजरे की बाटी, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन.

राजस्थानी बाजरे की बाटी कैसे बनाएं? जानें बाटी बनाने का सही तरीका
बाजरे की बाटी कैसे बनाएं.
NDTV

सर्दियों के मौसम में राजस्थान में दाल-बाटी खूब खाई जाती है. ऊपर से घी में डूबी हुई गरम-गरम बाटी, साथ में दाल, प्याज और नींबू खाने के स्वाद को बढ़ाने का काम करते हैं. लेकिन बाजरे की बाटी बनाना सबको नहीं आता. किसी की बाटी कच्ची रह जाती है, किसी की सख्त हो जाती है, किसी की टूट जाती है. अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है तो आप बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि हाल ही में Suman Shekhawat ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल (cook_with_sumanbaisa) पर बाजरे की बाजी कि आसान रेसिपी शेयर की है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.

बाजरे की बाटी क्यों है फायदेमंद?

बाजरा सर्दियों का सुपरफूड है. इसमें फाइबर भरपूर होता है, आयरन होता है, और ये शरीर को अंदर से गरम रखता है. इसमें बेसन और मटर भी है जो प्रोटीन का अच्छा सोर्स है. और जब इसे दाल और घी के साथ खाया जाता है, तो इसका पोषण और बढ़ जाता है.

यहां देखें रेसिपी वीडियो- 

कैसे बनाएं बाजरे की बाटी- (How To Make Rajasthani Baajre Ki Baati At Home)

सामग्री-

  • बाजरे का आटा
  • बेसन
  • सूजी 
  • हल्दी
  • लाल मिर्च पाउडर
  • धनिया पाउडर
  • नमक
  • हरी धनिया
  • हरी मटर
  • तेल / घी 
  • दाल
  • देसी घी 
  • प्याज
  • नींबू 

विधि-

  1. सबसे पहले एक बड़े स्टील के बाउल में बाजरे का आटा डालिए. उसमें बेसन डालिए. बेसन डालने से बाटी में बाइंडिंग आ जाती है, बाटी टूटती नहीं है. 
  2. सूजी भी डाल दीजिए, सूजी से बाटी ऊपर से कुरकुरी बनती है. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक डाल दीजिए.
  3. फिर कटी हुई हरी धनिया और हरी मटर डाल दीजिए. मटर इसी में मिक्स होगी, अलग से फिलिंग बनाने की जरूरत नहीं है.
  4. अब इसमें 3-4 चम्मच तेल या घी डाल दीजिए. ये मोयन है. मोयन से ही बाटी खस्ता बनती है. 
  5. मोयन कम डाला, तो बाटी सख्त हो जाएगी. अब सबको हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिए. फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लीजिए.
  6. ध्यान रखिए, आटा रोटी के आटे जैसा नरम नहीं होना चाहिए. बाटी का आटा थोड़ा सख्त ही गूंथा जाता है. 
  7. अगर आटा नरम हो गया, तो बाटी बैठ जाएगी, फूलेगी नहीं. आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दीजिए. 
  8. अब आटे से छोटी-छोटी लोई तोड़ लीजिए. दोनों हाथों से गोल-गोल करके दबाइए.
  9. बाटी न ज्यादा बड़ी हो, न ज्यादा छोटी. नींबू से थोड़ी बड़ी, आंवले जितनी. अब अंगूठे से बीच में हल्का सा गड्ढा बना दीजिए. 
  10. ये गड्ढा ही बाटी की पहचान है. इसी गड्ढे में बाद में घी भरेगा. सारी बाटियों को इसी तरह बनाकर एक थाली में रख लीजिए. 
  11. राजस्थान में बाटी को कंडे पर सेंका जाता है लेकिन घर में हम इसको गैस पर ही सेकेंगे. 
  12. एक बाटी स्टैंड या जाली वाला स्टैंड लीजिए. उसको गैस पर रखिए. आंच को मीडियम रखिए. तेज आंच पर बाटी ऊपर से जल जाएगी, अंदर से कच्ची रह जाएगी.
  13. बाटी को जाली पर रख दीजिए. 2-3 मिनट बाद पलट दीजिए. इसी तरह हर तरफ से पलट-पलटकर सेंकिए.
  14. बाटी जब गोल्डन हो जाए, और उस पर हल्की-हल्की दरारें आ जाएं, तो समझिए बाटी तैयार है.
  15. बाटी को सेंकने के बाद तुरंत मत खाइए. 2 मिनट कपड़े से ढककर रख दीजिए, इससे बाटी अंदर से भी पक जाएगी. 
  16. थाली में 2-3 बाटी रखिए. बाटी को हाथ से तोड़िए. उसके ऊपर भरपूर देसी घी डालिए. घी बाटी के अंदर तक जाना चाहिए. अब ऊपर से गरम-गरम दाल डाल दीजिए. 
  17. दाल बाटी के ऊपर से बहनी चाहिए. साथ में गोल कटा प्याज और नींबू रखिए. राजस्थानी लोग बाटी को दाल में डुबोकर, प्याज के साथ खाएं.

ये भी पढ़ें- सर्दियों में रोज खाएं मेथी-सौंठ और ड्राई फ्रूट्स वाला 1 लड्डू, नस-नस में भर जाएगी ताकत, नोट करें रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthani Recipe, Baati Recipe, Dal Bati Recipe, Bajra Recipes In Hindi, Dal Baati Churma Recipe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com