Methi Sonth Ke Ladoo: ठंड का मौसम शुरू होते ही भारतीय घरों में तरह-तरह के लड्डू बनना शुरू हो जाते हैं, जो न सिर्फ स्वाद को बढ़ाने बल्कि सेहत के लिए भी कमाल होते हैं. ये लड्डू सर्दी से बचाने और शरीर को ताकत देने का काम करते हैं. अगर आप भी खुद को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो सौंठ- मेथी और ड्राई फ्रूट्स वाले लड्डू का सेवन कर सकते हैं. दरअसल ठंड में लड्डूओं में सौंठ का खूब इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि इसकी तासीर गर्म होती है, जो शरीर को अंदर से गरम रखने में मददगार है. तो चलिए जानते हैं इन लड्डूओं को बनाने की रेसिपी.
कैसे बनाएं सौंठ मेथी लड्डू- (How To Make Methi Sonth Dry Fruits Ke Ladoo)
सामग्री-
- गेहूं का आटा
- बेसन
- घी
- गुड़
- सौंठ पाउडर
- मेथी दाना
- हल्दी पाउडर
- अदरक पाउडर
- काली मिर्च पाउडर
- नमक
- सूखे मेवे

विधि-
- इन लड्डूओं को बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में मेथी दाना को धीमी आंच पर भूनें जब तक वह खुशबू न देने लगे.
- इसे ठंडा होने दें और दरदरा पीस लें. एक पैन में घी गरम करें और उसमें गेहूं का आटा और बेसन डालकर धीमी आंच पर भूनें जब तक वह गोल्डन न हो जाए.
- भुने हुए आटे के मिश्रण में सौंठ पाउडर, मेथी दाना पाउडर, हल्दी पाउडर, अदरक पाउडर, काली मिर्च पाउडर, और नमक मिलाएं.
- एक पैन में गुड़ और 1/2 कप पानी मिलाकर धीमी आंच पर पिघलाएं. गुड़ की एक तार की चाशनी बनाएं.
- गुड़ की चाशनी को आटे के मिश्रण में मिलाएं और अच्छी तरह मिला लें. मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर हाथों से लड्डू बनाएं.
- लड्डू को सूखे मेवों से सजाएं और इन्हें एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें.
नोट- आम ड्राई फ्रूट्स का ज्यादा इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो भूनकर आटे में गुड़ मिलाने से पहले भी मिला सकते हैं.
क्यों हैं ये लड्डू खास-
अगर आपको बार-बार सर्दी-जुकाम की समस्या होती है, तो आप रोज इस लड्डू का सेवन कर सकते हैं. क्योंकि इनकी तासीर गर्म होती है जो शरीर को अंदर से गरम रखने और इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मददगार हैं. इतना ही नहीं इसके सेवन से जोड़ों के दर्द को दूर करने में भी मदद मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- ठंड में रोटियां सूख कर हो जाती हैं पापड़, आटा गूंथते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान, रोटियां रहेंगी घंटों तक सॉफ्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं