अगर आप चाय के साथ कुछ अलग, कुरकुरा और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो सूजी के वड़े बना सकते हैं. ये बनाने में आसान होते हैं और खाने में इतने स्वादिष्ट लगते हैं कि बच्चे से लेकर वड़े तक सभी इन्हें पसंद करते हैं. वड़े बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती. सूजी, आलू और कुछ मसालों की मदद से आप घर पर ही बाजार जैसे कुरकुरे वड़े तैयार कर सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं घर पर वड़े कैसे बनाएं?
सूजी वड़े कैसे बनाएं?
यूट्यूब पर @NishaMadhulika नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में निशा मधुलिका ने सूजी के वड़े बनाने का आसान तरीका बताया है. सबसे पहले एक कड़ाही में 2 कप पानी उबाल लें. इसमें 1 बड़ा चम्मच तेल, नमक, जीरा, चिली फ्लेक्स, तिल, बारीक कटा करी पत्ता, अदरक और हरी मिर्च डाल दें. अब गैस धीमी करके 1 कप सूजी डालें और लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं. जब मिश्रण डो जैसा बन जाए तो गैस बंद कर दें और उसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह थोड़ा ठंडा हो जाए.
जब सूजी का मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए, तब उसमें 2 उबले और कद्दूकस किए हुए आलू, हरा धनिया और थोड़ा नींबू का रस मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर मुलायम डो तैयार कर लें. डो से छोटे-छोटे हिस्से तोड़कर गोल आकार दें. फिर हल्का दबाकर बीच में छेद बना दें, बिल्कुल मेदू वड़े की तरह. इसी तरह सारे वड़े तैयार कर लें.
कुरकुरे बड़े तलने का सही तरीका
कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद ही वड़े डालें. शुरुआत में तेज आंच रखें ताकि वड़े ज्यादा तेल न सोखें. बाद में आंच मध्यम कर दें और वड़े को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. सूजी के वड़े बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं. इन्हें नाश्ते, शाम की चाय या मेहमानों के लिए स्नैक के रूप में आसानी से परोसा जा सकता है.
मूंगफली की चटनी कैसे बनाएं
एक मिक्सर जार में भुनी हुई मूंगफली, भुनी चना दाल, हरी मिर्च, अदरक, नींबू का रस, नमक और थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लें. इसके बाद सरसों, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और हींग का तड़का लगाकर चटनी में मिला दें. आपकी स्वादिष्ट चटनी तैयार है.
यह भी पढ़ें:- कुकर में कढ़ी कैसे बनाएं? कुकर में कढ़ी बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- सिर्फ 10 मिनट में हाथ-पैर को गोरा कैसे करें? 50 रुपये में हाथ-पैरों का कालापन दूर करने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं