कढ़ी का नाम लेते ही मुंह में पानी आ जाता है. आपने पंजाबी कढ़ी, गुजराती कढ़ी, सिंधी कढ़ी सभी का स्वाद जरूर चखा होगा लेकिन, क्या भी राजस्थान की हांडी कढ़ी खाई है. अगर नहीं, तो एक बार जरूर करें इसे ट्राई. ये एकदम अलग होती है. इसे कुकर, पतीले में नहीं, बल्कि मिट्टी की हांडी में बनाया जाता है और चूल्हे की आंच पर धीरे-धीरे पकती है इसीलिए इसका स्वाद इतना रिच होता है कि एक बार खा लिया, तो बार-बार खाने का मन करेगा. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
राजस्थान की हांडी कढ़ी क्यों है खास?
इस कढ़ी में पकौड़े नहीं डाले जाते. इसमें आलू, प्याज, टमाटर और हरी मिर्ची डाली जाती है और सबसे बड़ी बात, ये कढ़ी मिट्टी की हांडी में बनती है. मिट्टी की हांडी की सौंधी खुशबू कढ़ी में आ जाती है. हांडी में कढ़ी धीरे-धीरे पकती है, इसलिए इसका खट्टा-मीठा स्वाद एकदम बैलेंस हो जाता है. गांव में आज भी औरतें छत पर चूल्हा जलाकर इसी तरह हांडी कढ़ी बनाती हैं.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं हांडी कढ़ी-
सामग्री-
- खट्टा दही
- बेसन
- हल्दी
- नमक
- पानी
- आलू
- प्याज
- टमाटर
- हरी मिर्ची
- हरा धनिया
- सरसों का तेल
- साबुत धनिया
- जीरा
- राई
- अदरक
विधि-
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दही डालिए. अब इसमें बेसन, हल्दी और नमक डाल दीजिए. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालते हुए इसे अच्छे से फेंट लीजिए.
- बैटर में एक भी गुठली नहीं रहनी चाहिए. अगर गुठली रह गई, तो कढ़ी में भी गुठली आएगी.
- बैटर को मथनी से या हाथ से कम से कम 5 मिनट तक फेंटिए. जितना अच्छा फेंटेंगे, कढ़ी उतनी ही चिकनी और क्रीमी बनेगी.
- बैटर को एकदम पतला भी मत रखिए, न बहुत गाढ़ा. मीडियम रखिए, क्योंकि पकने के बाद ये और गाढ़ा हो जाएगा.
- अब हांडी को चूल्हे या गैस पर रखिए. इसमें सरसों का तेल डालकर गरम कीजिए.
- तेल गरम होते ही इसमें साबुत धनिया, जीरा और राई डाल दीजिए. जब ये चटकने लगे, तो इसमें कटी हुई हरी मिर्ची और प्याज डाल दीजिए.
- प्याज को हल्का गोल्डन होने तक भूनिए. अब इसमें अदरक डाल दीजिए. अब इसमें कटे हुए आलू डाल दीजिए. आलू को 3-4 मिनट तक भूनिए. जब आलू आधे पक जाएं, तो इसमें कटे हुए टमाटर डाल दीजिए.
- टमाटर को नरम होने तक भूनिए. सब्जियां ज्यादा मत गलाइए, थोड़ा क्रंच रहना चाहिए.
- अब भुनी हुई सब्जियों में बेसन-दही वाला बैटर डाल दीजिए. बैटर डालते वक्त लगातार चलाते रहिए.
- एक पल के लिए भी चलाना मत रोकिए. अगर चलाना रोक दिया, तो कढ़ी फट जाएगी.
- अब आंच को धीमा कर दीजिए और कढ़ी को 20-25 मिनट तक धीरे-धीरे पकने दीजिए.
- बीच-बीच में चलाते रहिए. जब कढ़ी में उबाल आने लगे और वो गाढ़ी हो जाए, तो समझिए कढ़ी तैयार है.
- ऊपर से हरा धनिया डाल दीजिए. बाजरे की रोटी या चावल के साथ गरमा-गरम खाएं.
ये भी पढ़ें- सिर्फ 5 मिनट में बनाएं मूली और हरी मिर्ची का देसी अचार, बिना भूख भी खा जाएंगे चार-चार रोटियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं