- बजरंग सेतु के ग्लास डेक पर चलने के लिए अब लगेगा टिकट.
- टिकट व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग ने एजेंसी फाइनल.
- पुल पर जाने के लिए बड़ों और बच्चों के लिए अलग-अलग फीस.
उत्तराखंड के टिहरी जिले के तपोवन और पौड़ी जिले के लक्ष्मणझूला को जोड़ने वाले नवनिर्मित बजरंग सेतु के ग्लास डेक के संचालन, भीड़ प्रबंधन और टिकट व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग ने एजेंसी फाइनल कर दी है. हालांकि, पुल के औपचारिक उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं हुई है. उद्घाटन के बाद ही कांच वाले हिस्से को आम लोगों और पर्यटकों के लिए खोला जाएगा, जिस पर गुजरने के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा. इसके लिए टिकट सिस्टम बनाया गया है.
करीब 92 साल पुराने लक्ष्मणझूला पुल पर सुरक्षा कारणों से जुलाई 2019 में आवाजाही बंद कर दी गई थी, जिसके विकल्प के रूप में लोनिवि नरेंद्रनगर ने वर्ष 2022 में बजरंग सेतु का निर्माण शुरू किया. बीच में पुल पर आवागमन शुरू किया गया था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा 65 मिमी मोटाई वाले कांच के फुटपाथ को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद विभाग ने इसकी सुरक्षा और रखरखाव के लिए सख्त कदम उठाए हैं.
कितना होगा टिकट प्राइस
ग्लास डेक की सुरक्षा के लिए ही अब इस पर शुल्क लेने का फैसला किया गया है. इस पुल से गुजरने के लिए बड़ों के लिए 100 रुपये और बच्चों के लिए 50 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है.
बजरंग सेतु की सुरक्षा
पुल के बीच वाले हिस्से से लोगों को सीधे कांच वाले फुटपाथ में जाने से रोकने के लिए रेलिंग की ऊंचाई पहले के करीब चार फीट से बढ़ाकर छह फीट से अधिक कर दी गई है. कांच वाले क्षेत्र के संचालन, यात्री व भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए लोनिवि ने पहले दो बार टेंडर निकाले, लेकिन किसी फर्म के आगे न आने पर तीसरी बार टेंडर जारी कर अब एक फर्म का चयन कर लिया गया है.
69 करोड़ की लागत से तैयार हुआ पुल
132.30 मीटर स्पान वाले इस पुल को करीब 69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. पुल की कुल चौड़ाई आठ मीटर है, जिसमें दोनों ओर पैदल यात्रियों के लिए डेढ़-डेढ़ मीटर के कांच के फुटपाथ बनाए गए हैं, जबकि बीच के हिस्से में हल्के चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रस्तावित है.
लोनिवि नरेंद्रनगर के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल के अनुसार, पुल के उद्घाटन की तारीख पर फैसला उच्च स्तर पर लिया जाना है. फिलहाल पुल के बीच वाले हिस्से से लोगों की आवाजाही हो रही है, जबकि पर्यटकों को ग्लास डेक खुलने का इंतजार है.
यह भी पढ़ें | जोजिला दर्रे में बन रही 13 KM लंबी सुरंग का काम जल्द पूरा होगा, बर्फबारी में भी 15 मिनट में कश्मीर टू लद्दाख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं