सर्दियों के मौसम में मूली का इस्तेमाल लगभग हर घर में बढ़ जाता है. लोग इसे सलाद के तौर पर खाते हैं और सुबह के नाश्ते में मूली के पराठे भी खूब पसंद किए जाते हैं. मूली में फाइबर, विटामिन C और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं. लेकिन मूली के इस्तेमाल को लेकर कुछ जरूरी सावधानियां भी बताई जाती हैं, जैसे इसे दूध या खीरे के साथ नहीं खाना चाहिए. आइए समझते हैं कि मूली खाने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं और किन चीजों के साथ इसे खाने से बचना चाहिए.
मूली खाने के मुख्य फायदे
मूली में पानी और फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है. फाइबर पाचन को बेहतर रखने और कब्ज की समस्या से बचने में मदद कर सकता है.
पाचन क्रिया में सुधार: अगर आपको कब्ज, गैस या पेट भारी रहने की शिकायत रहती है, तो मूली का सेवन काफी मददगार साबित हो सकता है. इसमें मौजूद फाइबर आंतों की सक्रियता को बढ़ाता है, जिससे पेट आसानी से साफ होता है.
लिवर और पीलिया में फायदेमंद: पीलिया यानी जॉन्डिस के दौरान मूली का इस्तेमाल काफी उपयोगी माना जाता है. यह खून में बिलीरुबिन की बढ़ी हुई मात्रा को नियंत्रित करने और लिवर के कामकाज को बेहतर बनाने में मदद करती है.
ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखना: मूली में पोटैशियम पाया जाता है, जो संतुलित डाइट का अहम हिस्सा है और ब्लड प्रेशर मैनेजमेंट में भी इसकी भूमिका होती है.
इम्यूनिटी मजबूत करना: सर्दियों के दिनों में सर्दी और खांसी का खतरा बढ़ जाता है. मूली से विटामिन C भी मिलता है, जो शरीर के सामान्य इम्यून फंक्शन के लिए जरूरी पोषक तत्व है.
वजन को नियंत्रित रखना: मूली में पानी और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जबकि कैलोरी कम होती है. ऐसे में इसे सलाद या खाने के साथ शामिल करने से पेट देर तक भरा महसूस हो सकता है. वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए यह डाइट का अच्छा हिस्सा हो सकती है.
यह भी पढ़ें: Exclusive: दूध-पनीर से मसालों तक, कैसे रुकेगी मिलावट? फूड सेफ्टी कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने बताया समाधान
मूली खाने के बाद किन चीजों से परहेज करना चाहिए
पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, विशेषकर आयुर्वेद और यूनानी में, भोजन के सही मेल पर काफी जोर दिया गया है. अगर विपरीत प्रकृति की चीजें एक साथ खाई जाएं, तो इससे पाचन क्रिया प्रभावित हो सकती है.
करेला: मूली खाने के तुरंत बाद करेले की सब्जी या जूस का सेवन नहीं करना चाहिए. माना जाता है कि इससे कुछ लोगों को पेट दर्द या बेचैनी हो सकती है.
खीरा: आमतौर पर लोग सलाद में मूली और खीरा एक साथ काट लेते हैं. खीरे में मौजूद एंजाइम मूली के विटामिन C के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे दोनों का पूरा लाभ शरीर को नहीं मिल पाता और गैस की समस्या हो सकती है.
गर्म चाय: मूली या मूली के पराठे खाने के तुरंत बाद गर्म चाय पीने से बचना चाहिए. इससे पेट में एसिडिटी और सीने में जलन की शिकायत हो सकती है.
खट्टे फल: मूली के सेवन के तुरंत बाद संतरा, मौसमी या नींबू जैसे खट्टे फलों का सेवन न करें. इससे बदहजमी और पेट में भारीपन हो सकता है.
Also Read: रोज मूली खाने से क्या होता है? जानिए फायदे और डाइट में शामिल करने का सही तरीका
मूली खाने के बाद दूध पीना चाहिए या नहीं?
यूनानी चिकित्सा के अनुसार मूली और दूध को एक साथ लेने से बचने की सलाह दी जाती है. यूनानी चिकित्सा में दोनों की तासीर अलग मानी गई है, इसलिए इन्हें एक साथ लेने की सलाह नहीं दी जाती.
इस बारे में नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में यूनानी विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. सैयद अहमद खान के अनुसार:
मूली खाते समय किन बातों का ध्यान रखें
मूली आमतौर पर हेल्दी डाइट का हिस्सा हो सकती है, लेकिन कुछ लोगों को इसे खाते समय थोड़ी सावधानी रखने की जरूरत पड़ सकती है.
रात के समय सेवन न करें: रात के समय शरीर की पाचन शक्ति धीमी पड़ जाती है. रात में मूली खाने से पेट में अत्यधिक गैस और भारीपन हो सकता है, जिससे नींद में भी खलल पड़ता है.
जोड़ों के दर्द की समस्या: जिन लोगों को आर्थराइटिस या जोड़ों में दर्द की शिकायत रहती है, उन्हें कच्ची मूली का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे वात बढ़कर दर्द में बढ़ोतरी हो सकती है.
लो ब्लड प्रेशर वाले व्यक्ति: मूली में पोटैशियम होता है, इसलिए इसे संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है. हालांकि लो ब्लड प्रेशर की समस्या वाले लोगों को अपनी डाइट को लेकर डॉक्टर की सलाह माननी चाहिए.
थायराइड की स्थिति: थायराइड से पीड़ित व्यक्तियों को कच्ची मूली अधिक मात्रा में नहीं खानी चाहिए, क्योंकि इसमें पाए जाने वाले तत्व थायराइड ग्रंथि के कार्य को प्रभावित कर सकते हैं.
मूली खाने का सही समय और तरीका
मूली कब खानी चाहिए, इसे लेकर अलग-अलग पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में अलग सलाह मिलती है. आमतौर पर इसे दिन के खाने के साथ सलाद के रूप में शामिल किया जाता है. अगर कच्ची मूली खाने से गैस, पेट दर्द या एसिडिटी जैसी परेशानी होती है, तो इसकी मात्रा कम रखी जा सकती है.
Also Read: आज क्या बनाऊं: सर्दी की आहट आते ही बनाएं आगरा की मशहूर मूली की मुरारी, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं