विज्ञापन

प्याज-लहसुन से लेकर दाल-तेल तक सब महंगा, दूध-पनीर ने भी बिगाड़ा रसोई का बजट, वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट में खुलासा

अक्टूबर में प्याज 116%, लहसुन 61% और नींबू 47% महंगा हुआ. दूध, पनीर, दाल और तेल की कीमतों में भी तेजी आई है. जानें वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट में महंगाई को लेकर क्या खुलासा हुआ और आगे राहत मिलने की उम्मीद कितनी है.

प्याज-लहसुन से लेकर दाल-तेल तक सब महंगा, दूध-पनीर ने भी बिगाड़ा रसोई का बजट, वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट में खुलासा
Inflation News: दोगुने से ज्यादा हुए प्याज के दाम, दूध-मिठाई भी महंगी! क्यों बढ़ता जा रहा है आपके घर का राशन बिल?
NDTV इंडिया

घर का राशन खरीदने से लेकर दूध, दाल और सब्जियों तक, आम आदमी का रसोई बजट लगातार बिगड़ता जा रहा है. अक्टूबर में प्याज के दाम सालाना आधार पर 116% बढ़ गए, जबकि लहसुन 61% और नींबू 47% महंगा हुआ. दूध, पनीर, दही और मिठाई की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई. वित्त मंत्रालय की ताजा Monthly Economic Review रिपोर्ट में खाने-पीने की कई चीजों की महंगाई का पूरा आंकड़ा सामने आया है. आइए जानते हैं कि अक्टूबर में किन चीजों ने आपके घर का खर्च बढ़ाया और आने वाले महीनों में राहत मिलने की उम्मीद है या नहीं.

प्याज 116% तो लहसुन 61% महंगा

वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 116% की बढ़ोतरी हुई. लहसुन 61% और नींबू 47% महंगा रहा. यानी सब्जियों और रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजों की कीमतों ने भी घरेलू बजट पर दबाव बढ़ाया.

दाल, चावल और तेल भी महंगे

रसोई में इस्तेमाल होने वाले अनाज, दाल और तेल की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली. चावल सालाना आधार पर 12.5% महंगा हुआ, जबकि गेहूं के दाम 3.1% बढ़े. दालों में अरहर की कीमत 15% और उड़द की 12% बढ़ी.

खाना बनाने वाले तेल की कीमतों ने भी राहत नहीं दी. रिफाइंड और मूंगफली तेल करीब 16% महंगे हुए, जबकि सरसों तेल में लगभग 10% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

दूध, पनीर और मिठाई ने भी बढ़ाया खर्च

दूध की महंगाई अक्टूबर में 4.6% रही. वहीं, पनीर 5.7%, दही 4.4% और दूध से बनी मिठाइयां 10% महंगी हुईं. त्योहारों के दौरान बढ़ी मांग का असर इन चीजों की कीमतों पर देखने को मिला. प्रोटीन से जुड़े खाद्य पदार्थ भी महंगे रहे. चिकन की कीमतों में 11.3%, मांस में 10.6%, मछली में 8.5% और अंडों में 8.3% की बढ़ोतरी हुई.

Latest and Breaking News on NDTV

आने वाले महीनों में मिलेगी राहत या बढ़ेगा खर्च?

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर में शादी और त्योहारों का सीजन जारी रहने से दूध और इससे जुड़े उत्पादों की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है. डेयरी कंपनियों की ओर से भी सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों के चलते कीमतें बढ़ाई गई हैं.हालांकि, प्याज की कीमतों में आगे राहत मिलने की उम्मीद है. सरकार के सप्लाई से जुड़े कदमों से थोक स्तर पर प्याज की महंगाई करीब 11 प्रतिशत अंक कम हुई है. अक्टूबर में आलू की कीमतों में गिरावट बढ़कर 14% रही. वहीं, टमाटर जुलाई से सितंबर तक सस्ता रहने के बाद अक्टूबर में 5.8% महंगा हो गया.

यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: कर्मचारियों के खाते में कब आएगी बढ़ी सैलरी? ₹3.4 लाख तक मिल सकता है एरियर,रिपोर्ट में दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Inflation News, Food Inflation, Finance Ministry, Onion Price Hike, Milk Price Hike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com