- अवध विहार आवासीय योजना में 42.50 लाख रुपये से अपना मकान.
- सेमी फिनिश्ड भवनों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया है.
- रजिस्ट्रेशन अधिक होने पर अधिक होने पर लॉटरी से आवंटन होगा.
लखनऊ में घर खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने अवध विहार आवासीय योजना में नई आवासीय पेशकश की शुरुआत की है. योजना के सेक्टर-4 में 42.50 लाख रुपये की शुरुआती कीमत से 94 एक मंजिला सेमी-फिनिश्ड भवनों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर तय की गई है. योजना में आरक्षण का लाभ नियमानुसार मिलेगा और सभी आय वर्ग के लोग आवेदन कर सकेंगे.
योजना की प्रमुख विशेषताएं
यह योजना शहीद पथ किनारे सेक्टर-4 में 94 एक मंजिला सेमी-फिनिश्ड मकान हैं, जिसकी शुरुआती कीमत 42.50 लाख रुपये रखी गई है. यह मकान उतरेटिया स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर, मेदांता अस्पताल से 1.5 किलोमीटर, पीजीआई से 5 किलोमीटर और इकाना स्टेडियम से 7 किलोमीटर की दूरी है.
सेमी-फिनिश्ड विकल्प की वजह
परिषद के अधिशासी अभियंता अभिषेक नाथ तिवारी के अनुसार, तैयार मकानों में इस्तेमाल होने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर अक्सर उठने वाले सवालों को देखते हुए ये भवन सेमी-फिनिश्ड स्थिति में उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि खरीदार अपनी पसंद और गुणवत्ता के मानकों के अनुसार बाकी फिनिशिंग का काम करा सकें.
आवंटन की प्रक्रिया और छूट
आवंटन और भुगतान से जुड़ी व्यवस्था भी तय की गई है. उपलब्ध भवनों की संख्या से अधिक आवेदन आने पर लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा. वहीं एकमुश्त भुगतान पर छूट का प्रावधान भी है. आवंटन पत्र जारी होने के 45 दिन के भीतर पूरा भुगतान करने पर 6 प्रतिशत, 60 दिन में भुगतान करने पर 5 प्रतिशत और 90 दिन में भुगतान करने पर 4 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. आवेदक किस्तों में भी भुगतान का विकल्प चुन सकेंगे.
पिछली योजनाओं में दिखा था भारी उत्साह
रिपोर्ट में लखनऊ की अन्य आवासीय योजनाओं में मिले आवेदनों का भी जिक्र किया गया है, जिनमें वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं के उपलब्ध 4520 भूखंडों के मुकाबले 36683 आवेदन प्राप्त हुए थे. आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित हो रही वरुण विहार योजना में 2847 भूखंडों के लिए 24114 रजिस्ट्रेशन आए थे, जबकि नैमिष नगर में 12569 आवेदकों ने रजिस्ट्रेशन कराया था.
यह भी पढ़ें | लखनऊ में सरोजनीनगर और आगरा एक्सप्रेसवे के पास सस्ते प्लॉट का मौका, 4 हजार भूखंडों के लिए आवासीय योजना आई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं