- ग्रेटर नोएडा में ग्रुप हाउसिंग प्लॉट खरीदने का एक और मौका.
- यमुना प्राधिकरण ने 10 दिसंबर तक बढ़ाई आवेदन की तारीख.
- भूखंडों की ई-नीलामी 31 दिसंबर को आयोजित की जाएगी.
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने ग्रुप हाउसिंग भूखंड योजना के लिए आवेदन की समय-सीमा एक बार फिर बढ़ा दी है. बताया जा रहा है कि ग्रुप हाउसिंग भूखंड योजना के लिए कम आवेदन मिलने के बाद प्राधिकरण ने यह फैसला लिया है. नई टाइम लाइन के अनुसार, इच्छुक आवेदक अब 10 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि भूखंडों की ई-नीलामी 31 दिसंबर को आयोजित की जाएगी.
न्यूनतम आवेदन की शर्त पूरी करने की कवायद
प्राधिकरण ने सितंबर माह में 10 ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की यह योजना लॉन्च की थी, जिनका आवंटन नीलामी के माध्यम से किया जाना है. नीलामी प्रक्रिया को वैध रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक भूखंड के सापेक्ष न्यूनतम तीन आवेदन प्राप्त होना जरूरी है. योजना के प्रति खरीदारों व बिल्डरों की ओर से कम आवेदन मिलने के कारण प्राधिकरण को निराशा हाथ लगी है. इसी वजह से समय-सीमा बढ़ाकर न्यूनतम आवेदनों की शर्त पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है.
राजस्व लक्ष्य और अन्य योजनाओं पर असर
यमुना प्राधिकरण के चालू वित्त वर्ष का राजस्व लक्ष्य काफी हद तक इन भूखंड योजनाओं की सफलता पर टिका हुआ है. ग्रुप हाउसिंग से पहले प्राधिकरण होटल के लिए भूखंड योजना सहित कई अन्य व्यावसायिक योजनाओं में भी आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ा चुका है. इसके अतिरिक्त, तमाम प्रयासों के बावजूद प्राधिकरण अब तक अपनी नई आवासीय भूखंड योजना भी लॉन्च नहीं कर पाया है. ऐसे में 10 दिसंबर तक आवेदन बढ़ने और 31 दिसंबर को सफल नीलामी होने पर प्राधिकरण की निगाहें टिकी हैं.
यह भी पढ़ें | लखनऊ में 4000 प्लॉट के लिए शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, वरुण विहार और नैमिष नगर योजना में बुकिंग का फिर मिलेगा मौका
यह भी पढ़ें | लखनऊ शहर में शामिल होंगे 662 गांव, मलिहाबाद-काकोरी से अमेठी-मोहनलालगंज तक 10 नगर पंचायतों को होगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं