विज्ञापन

चावल की खीर तो बहुत खाई होगी, क्या कभी खाई है दाल की खीर, एक बार जरूर करें ट्राई

चावल की खीर खाकर अगर आप बोर हो गए हैं, तो दाल की खीर एक बार बनाकर जरूर देखें. यहां जानते हैं दाल की खीर बनाने का तरीका...

चावल की खीर तो बहुत खाई होगी, क्या कभी खाई है दाल की खीर, एक बार जरूर करें ट्राई
Dal Ki Kheer Recipe : दाल की खीर कैसे बनाएं?

खीर का नाम सुनते ही सबसे पहले चावल, दूध और चीनी का स्वाद याद आता है. लेकिन क्या आपने कभी मूंग दाल की खीर खाई है? ये खीर स्वाद में आम खीर से थोड़ी अलग होती है. दूध में धीमी आंच पर पकी मूंग दाल, केसर और ड्राई फ्रूट्स का कॉम्बिनेशन इसे रबड़ी जैसा गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाता है. इस रेसिपी की खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं होती. ये रेसिपी यूट्यूब चैनल Chef Bhupi's Kitchen से ली गई है. यहां जानते हैं रेसिपी

वीडियो में देखें रेसिपी...

मूंग दाल की रबड़ीदार खीर कैसे बनाएं?

आवश्यक सामग्री

  • मूंग दाल - आधा कप
  • फुल क्रीम दूध - 1 लीटर
  • देसी घी - 2 छोटे चम्मच
  • चीनी - स्वादानुसार
  • केसर - 8-10 धागे
  • बादाम - 8-10
  • काजू - 8-10
  • पिस्ता - इच्छानुसार
  • किशमिश - इच्छानुसार


विधि

आधा कप मूंग दाल लेकर उसे 2-3 बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. अब इसे कम से कम 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. अगर आपके पास समय कम है, तो हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं. दाल इतनी नरम होनी चाहिए कि नाखून से आसानी से टूट जाए.

अब एक भारी तले वाली कड़ाही लें और उसमें 2 छोटे चम्मच देसी घी डालें. घी गर्म होने पर भीगी हुई दाल का पानी निकालकर कड़ाही में डाल दें. इसे धीमी से मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. लगभग 10-12 मिनट तक भूनने से दाल से हलवे जैसी अच्छी खुशबू आने लगेगी. ध्यान रखें कि दाल को बहुत ज्यादा भूरा नहीं करना है.

अब भुनी हुई दाल में 1 लीटर फुल क्रीम दूध डाल दें. इसके साथ ही केसर के धागे भी मिला दें. धीमी आंच पर दूध और दाल को पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दूध कड़ाही के तले में न लगे. धीरे-धीरे दूध गाढ़ा होने लगेगा और दाल भी अच्छी तरह पक जाएगी.

इस बीच बादाम और काजू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. चाहें तो इसमें पिस्ता और किशमिश भी मिला सकते हैं. जब दाल अच्छी तरह नरम हो जाए और खीर गाढ़ी होने लगे, तब स्वादानुसार चीनी डालें. इसके बाद कटे हुए मेवे मिलाकर कुछ देर और पकाएं.

जब दूध गाढ़ा होकर रबड़ी जैसा दिखने लगे और दाल पूरी तरह पक जाए, तब गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट मूंग दाल की खीर तैयार है. इसे गर्मागर्म या ठंडा करके परोस सकते हैं.

ये भी पढ़ें - रनींबू निचोड़ने का सही तरीका क्या है? ये है सही तरीका, जिससे रस भी निकलेगा दोगुना और स्वाद भी नहीं होगा कड़वा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Moong Dal, Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com