प्रोटीन हमारे शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्वों में से एक है. ये शरीर के बेहतर विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है. लेकिन जब भी प्रोटीन की बात आती है, तो सबसे पहले हमारे दिमाग में अंडा, चिकन जैसी चीजें क्लिक करती हैं. लेकिन जरूरी नहीं है कि प्रोटीन के लिए अंडा-चिकन जैसी चीजों का ही सेवन किया जाए, हमारे आसपास कई ऐसी चीजें हैं, जो प्रोटीन का अच्छा सोर्स मानी जाती हैं, जिसमें मूंगफली शामिल है. यशोदा हॉस्पिटल की चीफ डायटीशियन स्वेता ए का कहना है कि मूंगफली लगभग हर एक घर में आसानी से मिल जाती हैं. साथ ही ये प्रोटीन का अच्छा सोर्स भी है. स्वादिष्ट होने के साथ-साथ मूंगफली पोषण का खजाना भी है और इसी वजह से इसे अक्सर 'गरीबों का बादाम' भी कहा जाता है. यहां जानते हैं 100 ग्राम मूंगफली में कितना प्रोटीन होता है और अन्य जरूरी पोषक तत्वों के बारे में-
100 ग्राम मूंगफली में कितना प्रोटीन होता है?
डायटीशियन बताती हैं कि मूंगफली प्रोटीन का काफी अच्छा सोर्स है. 100 ग्राम मूंगफली की बात करें, तो इसमें लगभग 25 से 26 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. इतना ही नहीं, ये कई अन्य पोषक तत्वों का भी भंडार है. इसमें हेल्दी फैट, फाइबर, मैग्नीशियम, पोटैशियम और कई जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स भी मौजूद होते हैं. इसी वजह से जिम जाने वाले लोगों से लेकर वेजिटेरियन लोगों इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं.
मूंगफली सिर्फ प्रोटीन ही नहीं एनर्जी का भी है अच्छा सोर्स
स्वेता ए का कहना है कि मूंगफली में मौजूद हेल्दी फैट शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देने में मददगार साबित हो सकते हैं.100 ग्राम मूंगफली में लगभग 567 कैलोरी होती हैं, इसलिए ये उन लोगों के लिए काफी अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं, जो अपने शरीर का वजन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हों. हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि इसमें कैलोरी काफी ज्यादा होती है, इसलिए इसका सीमित मात्रा में ही सेवन करें.
मूंगफली डाइट में कैसे शामिल करें?
डायटीशियन कहती हैं कि आप मूंगफली को अपने डाइट में अलग-अलग तरह से शामिल कर सकते हैं, जैसे-
- घर पर पीनट बटर बनाकर इसका सेवन कर सकते हैं.
- मूंगफली और गुड़ का सेवन किया जा सकता है.
- शाम की छोटी भूक के लिए आप इसे रोस्ट करके खा सकते हैं.
- सलाद के रूप में भी इसे खाया जा सकता है.
- इसके अलावा पोहा, उपमा जैसी चीजों में मिलाकर भी खा सकते हैं.
ये भी पढ़ें - वायरल में भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, वरना हफ्तों तक नहीं मिलेगा आराम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं