नवरात्रि के पावन पर्व की शुरूआत कल से हो रही है. बहुत से भक्त मां की आराधना के लिए पूरे नौ दिन का उपवास रखते हैं. लेकिन व्रत का नाम सुनते ही अक्सर दिमाग में आलू-पूरी या साबूदाना खिचड़ी की तस्वीर आ जाती है. कई बार घर में व्रत के दिनों में ऐसा होता है कि बच्चे या बड़े एक ही तरह का फलाहार खाकर बोर हो जाते हैं और व्रत रखने से कतराने लगते हैं. अगर आपके घर में भी यही हाल है, तो हाल ही में पूनम देवनानी (Masala Kitchen) यूट्यूब पर शेयर इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं.
पूनम देवनानी ने की इस रेसिपी को देखने के बाद परिवार का हर सदस्य खुद कहेगा कि आज व्रत मैं भी रखूंगा! खास बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और यह खाने में इतनी टेस्टी है कि व्रत का मजा दोगुना हो जाता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का पूरा तरीका.
कैसे बनाएं फलाहारी डोसा-
- इसे बनाने के लिए 1 कप भीगा हुआ साबूदाना लें. अगर साबूदाना पहले से नहीं भिगोया है तो ½ कप साबूदाने को धोकर इस्तेमाल कर सकते हैं.
- मिक्सर जार में साबूदाना, 1 मध्यम आकार का आलू, 2 से 3 बड़े चम्मच दही, 2 बड़े चम्मच भुनी हुई मूंगफली और थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह पीस लें.
- बैटर तैयार होने के बाद इसमें 2 से 2½ बड़े चम्मच फलाहारी आटा मिलाएं. अब स्वाद के अनुसार सेंधा नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, करी पत्ते और थोड़ा जीरा डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- बैटर डोसे के लिए हल्का पतला होना चाहिए, इसलिए जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी मिला सकते हैं.
- अब तवा गर्म करें और उस पर बैटर फैलाकर डोसा बनाएं. बैटर डालते समय आंच धीमी रखें.
- डोसे को 3 से 4 मिनट तक बिना छेड़े पकने दें. जब किनारे सूखने लगें और जालीदार बनावट दिखने लगे, तब थोड़ा घी डालें.
- अगर कुरकुरा डोसा पसंद है तो 5 से 7 मिनट तक पकाएं. दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने पर उतार लें. इस डोसे को व्रत वाली चटनी या दही के साथ सर्व कर सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं व्रत वाला गरमा-गरम सूप-
- फलाहारी डोसे के साथ सर्व करने के लिए यह पौष्टिक सूप भी तैयार किया जा सकता है. सबसे पहले एक मसाला तैयार करें.
- इसके लिए 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच साबुत काली मिर्च और 1 छोटा चम्मच सेंधा नमक को तवे पर हल्का भून लें. ठंडा होने पर इन्हें दरदरा कूट लें.
- अब एक कड़ाही में थोड़ा सा देसी घी गर्म करें. इसमें छिलके वाली मूंगफली, बादाम और काजू को हल्का भून लें और अलग निकालकर रख दें. उसी घी में मखाने भी हल्के कुरकुरे होने तक भून लें.
- इसके बाद कड़ाही में थोड़ा और घी डालकर जीरा और करी पत्ते का तड़का लगाएं.
- इसमें बारीक कटे हुए उबले आलू डालकर हल्का भून लें फिर कटे हुए टमाटर, हरा धनिया और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट पकाएं.
- अब भीगा हुआ साबूदाना और सेंधा नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
- करीब 3 कप पानी डालें और साथ में स्वाद संतुलित करने के लिए गुड़ का एक छोटा टुकड़ा मिला दें.
- पहले से तैयार किया गया जीरा-काली मिर्च वाला मसाला भी डालें. सूप को तब तक पकाएं जब तक साबूदाना पारदर्शी न हो जाए.
- इसके बाद भुने हुए मखाने डालें और 2 से 3 मिनट और पकाएं. अगर सूप ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा और पानी मिला सकते हैं.
- आखिर में नींबू का रस डालें. चाहें तो नींबू की जगह थोड़ा दही भी मिला सकते हैं.
- ऊपर से बचा हुआ मसाला, भुने हुए ड्राई फ्रूट्स, मूंगफली और हरा धनिया डालकर गर्मागर्म सर्व करें.
क्यों खास है यह व्रत की रेसिपी?
- व्रत में अक्सर लोग कमजोरी महसूस करते हैं, लेकिन यह फलाहारी डोसा और सूप आपको दिनभर तरोताजा और एनर्जेटिक रखेंगे.
- व्रत के दौरान हमारा पेट सेंसिटिव हो जाता है. ऐसे में यह रेसिपी हल्की होने के साथ-साथ आसानी से पच भी जाती है.
- बच्चों से लेकर बड़े तक, हर किसी को स्ट्रीट स्टाइल फूड पसंद होता है. यह फलाहारी डोसा आपको घर पर ही व्रत के दौरान रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देता है.
ये भी पढ़ें- नवरात्रि स्पेशल: घर पर कैसे बनाएं कुट्टू का आटा? जानें आसान और सिंपल तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं