क्या आप भी उन लोगों में से हैं जो लोग अक्सर सुबह की थकान, कमजोरी या हड्डियों के दर्द से परेशान रहते हैं. अगर आपका जवाब हां है, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम एक ऐसी रेसिपी के बारे में बता रहे हैं, जिसे खाने से शरीर को सेहतमंद रखने में मदद मिल सकती है. अगर आप भी कुछ ऐसा ट्राई करना चाहते हैं जो घर की ही चीजों से झटपट तैयार हो जाए, तो इस सीक्रेट लड्डू की रेसिपी को जरूर ट्राई करें. सबसे अच्छी बात ये कि इन्हें नवरात्रि व्रत में भी खाया जा सकता है.
क्यों खास हैं ये लड्डू?
अक्सर जब भी हम घर पर लड्डू या कोई मिठाई बनाने की सोचते हैं, तो सबसे पहले दिमाग में बेसन, सूजी, मैदा, ढेर सारा घी, चीनी की चाशनी या मावा आता है. लेकिन इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें इनमें से किसी भी चीज का इस्तेमाल नहीं किया गया है. न तो आपको घंटों चाशनी बनाने की झंझट में पड़ना है और न ही दूध-मावा की जरूरत है. यह पूरी तरह से नेचुरल चीजों से बनते हैं जो प्रोटीन, कैल्शियम और आयरन से भरपूर हैं. बढ़ती उम्र के बच्चों से लेकर घर के बुजुर्गों तक, हर किसी के लिए रोजाना एक लड्डू का सेवन बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं सेहतमंद लड्डू-
सामग्री-
- सूखा नारियल – 1 कप
- मखाना – 1.5 कप (60 ग्राम)
- खरबूजे के बीज – 1/4 कप
- सूरजमुखी के बीज – 1/4 कप
- कद्दू के बीज – 1/4 कप
- बादाम – 1/2 कप
- काजू – 1/4 कप
- किशमिश – 2 से 3 छोटे चम्मच
- इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- गुड़ – 250 ग्राम
- देसी घी – 3 से 4 छोटे चम्मच
विधि-
- सबसे पहले 1 से 1½ कप मखाने लें और एक कड़ाही में 1 छोटा चम्मच देसी घी डालकर धीमी आंच पर भून लें. मखानों को तब तक रोस्ट करें, जब तक वे हल्के कुरकुरे न हो जाएं. भुनने के बाद इन्हें ठंडा होने के लिए अलग रख दें
- अब 1 कप सूखे नारियल को कद्दूकस कर लें. चाहें तो इसका ऊपरी भूरा छिलका हटा सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं है. कद्दूकस किए हुए नारियल को धीमी आंच पर 1 से 2 मिनट तक सूखा भून लें. ध्यान रखें कि इसका रंग नहीं बदलना चाहिए.
- इसके बाद ½ कप बादाम को धीमी से मध्यम आंच पर हल्का भून लें. फिर ¼-¼ कप खरबूजे के बीज, सूरजमुखी के बीज और कद्दू के बीज को भी हल्का रोस्ट कर लें. आखिर में ¼ कप काजू को भी थोड़ा सा भून लें.
- जब सभी चीजें ठंडी हो जाए, तब मखाने, बादाम, बीज और काजू को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. आप चाहें तो इन्हें बारीक भी पीस सकते हैं. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ भुना नारियल, 2 से 3 छोटे चम्मच किशमिश और ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
- अब एक पैन में 250 ग्राम गुड़, 2 बड़े चम्मच पानी और 2 छोटे चम्मच देसी घी डालें. धीमी आंच पर गुड़ को पिघलने दें. गुड़ के पूरी तरह मेल्ट होने के बाद इसे हल्का उबाल आने तक पकाएं. इसकी चाशनी नहीं बनानी है और न ही इसे ज्यादा देर तक पकाना है.
- गुड़ का मिश्रण तैयार होने पर गैस बंद कर दें और इसे ड्राई फ्रूट-मखाना मिश्रण में डाल दें. चम्मच या स्पैचुला की मदद से अच्छी तरह मिला लें. जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए और हाथ सहन कर सकें, तब हल्के गीले हाथों से मनचाहे आकार के लड्डू बना लें.
- अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे और लड्डू बंधने में परेशानी हो, तो इसमें 1 से 2 छोटे चम्मच दूध मिलाया जा सकता है. आपके स्वाद और सेहत से भरपूर लड्डू तैयार हैं.
ये भी पढ़ें- लोहे की कढ़ाई को कैसे साफ करें? इस ट्रिक से बिना घिसे और बिना मेहनत के मिनटों साफ होगी गंदी काली कढ़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं