त्योहारों का समय हो या कोई खास मौका, भारतीय घरों में मीठा जरूर बनाया जाता है. अब, मीठे में हलवा मिल जाए, तो मजा दो गुना हो जाता है. आमतौर पर लोग सूजी का हलवा, गाजर का हलवा या मूंग दाल का हलवा बनाकर खाते हैं. लेकिन आप चाहें, तो इस बार शकरकंद का हलवा बनाकर खा सकते हैं. सर्दियों ने दस्तक देना शुरू कर दिया है, ऐसे में बाजारों में शकरकंद आना भी शुरू हो गई हैं. इसका न केवल स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है, बल्कि शकरकंद को सेहत के लिए भी बेहद अच्छा माना जाता है. इसी कड़ी में यहां हम आपको शकरकंद के हलवे की बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है. आइए जानते हैं इसका स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें-
शकरकंद का हलवा बनाने के लिए आपको-
- 3 मीडियम साइज के उबले हुए शकरकंद
- 3 बड़े चम्मच घी
- 3 बड़े चम्मच कटे हुए मिक्स ड्राई फ्रूट्स
- 4 बड़े चम्मच चीनी
- 1 कप खोया
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर और
- एक चौथाई छोटा चम्मच जायफल पाउडर की जरूरत होगी.
- शकरकंद का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में 3 बड़े चम्मच घी गर्म करें. अब, इसमें कटे हुए मिक्स ड्राई फ्रूट्स डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. ध्यान रखें कि ड्राई फ्रूट्स ज्यादा न जलें. बस आपको इन्हें चलाते हुए थोड़ा-थोड़ा रोस्ट कर लेना है.
- इसके बाद पहले से उबले हुए शकरकंद को छीलकर कद्दूकस कर लें और इन्हें कड़ाही में भुने हुए ड्राई फ्रूट्स के साथ डाल दें. इस मिश्रण को लगातार चलाते हुए करीब 8 से 10 मिनट तक भूनें.
- शेफ हरपाल सिंह बताते हैं, शकरकंद को इतने समय तक भूनना जरूरी है, ताकि उसमें मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाए. इससे हलवे का स्वाद बेहतर होता है और उसकी बनावट भी अच्छी आती है.
- जब शकरकंद अच्छी तरह भुन जाए, तब इसमें 4 बड़े चम्मच चीनी डालें. शकरकंद में पहले से मिठास होती है, इसलिए आप चीनी की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं. चीनी डालने के बाद अच्छी तरह मिलाएं और उसके पिघलने तक पकाएं.
- अब, इसमें एक कप खोया, इलायची पाउडर और जायफल पाउडर डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर 2 से 3 मिनट तक पकाएं. बस इतना करते ही आपका स्वाद में लाजवाब हलवा बनकर तैयार हो जाएगा.
तैयार हलवे को आप कटोरी में निकालकर ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स डालकर परोस सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- चावल के पापड़ कैसे बनाएं? जानें घर पर खस्ता पापड़ बनाने का सबसे आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं