लौकी का नाम सुनते ही अक्सर बच्चे ही नहीं, बड़े भी मुंह बनाने लगते हैं. लेकिन अगर उसी लौकी से कुरकुरा, सुनहरा और स्वाद से भरपूर डोसा बनाया जाए, तो शायद ही कोई बच्चा इसे खाने से मना करेगा. यहां हम आपको डोसे की ऐसी आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे बिना टाइम लगाए तैयार किया जा सकता है. अच्छी बात ये है कि इस डोसे में न तो लंबा फर्मेंटेशन चाहिए और न ही कोई मुश्किल तैयारी की जरूरत होती है. चावल का आटा, सूजी और लौकी की मदद से तैयार होने वाला इस डोसे की रेसिपी को Geeta's Cooking यूट्यूब चैनल पर शेयर की गई है. ये ब्रेकफास्ट के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां जानते हैं लौकी से क्रिस्पी डोसा बनाने का तरीका क्या है?
वीडियो में पूरी रेसिपी देखें...
डोसे का बैटर कैसे बनाएं?
इस रेसिपी के लिए करीब सबसे पहले आपको लौकी का पेस्ट तैयार करना होता है. इसके लिए 300 ग्राम ताजी और कच्ची लौकी लें. लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें और उसके बड़े बीज निकाल दें. इसके बाद लौकी को छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सर में थोड़ा पानी डालते हुए एकदम स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. ध्यान रखें कि पेस्ट में गांठें न रहें, तभी डोसा अच्छी तरह बनता है.
अब एक बड़े बर्तन में लौकी का पेस्ट निकाल लें. इसमें एक कप चावल का आटा और आधा कप सूजी मिलाएं. धीरे-धीरे पानी डालते हुए पतला घोल तैयार करें. डोसे की खास क्रिस्पीनेस इसी पतले बैटर से आती है. बैटर तैयार होने के बाद इसे लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज, हरा धनिया, जीरा और स्वादानुसार नमक मिला लें. जरूरत लगे तो थोड़ा और पानी डालकर बैटर को बहने लायक पतला रखें.
अब नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर एक कटोरी पतला बैटर डालें. तवे को हल्का घुमाते हुए बैटर फैलाएं. ऊपर से थोड़ा तेल डालें और मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक पकाएं. जब डोसे का रंग गोल्डन ब्राउन हो जाए और किनारे कुरकुरे दिखने लगें तो इसे निकाल लें.
हरी स्वादिष्ट चटनी के साथ डोसा करें सर्व
डोसे के साथ परोसने के लिए हरा धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक, नारियल बूरा, मूंगफली, नींबू का रस, जीरा और काला नमक मिक्सर में डालकर गाढ़ी चटनी तैयार करें. ये चटनी डोसे के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है.
कैसे करें लौकी के डोसे को सर्व?
लौकी का क्रिस्पी डोसा हरी चटनी, टमाटर चटनी, सांभर या मीठी आम की चटनी के साथ बहुत ही स्वादिष्ट लगता है. इसकी अच्छी बात ये है कि ये इतना कुरकुरा बनता है कि कई लोग इसे बिना किसी साइड डिश के भी चाव से खा सकते हैं. अगर घर में कोई लौकी खाने से बचता है, तो एक बार यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.
ये भी पढ़ें - लौकी ना खाने वाले भी रोज किलो-किलो खरीदेंगे, बस एक बार बनाएं लौकी का हेल्दी नाश्ता- लच्छा पराठा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं