खाना बनाने का शौक कुछ लोगों के लिए सिर्फ जरूरत नहीं, बल्कि एक शौक या पसंदीदा काम होता है. अभिनेता नाना पाटेकर भी ऐसे ही लोगों में शामिल थे. अपनी दमदार एक्टिव के साथ-साथ वे एक बेहतरीन कुक भी थे. ये बात हम नहीं, बल्कि उन्होंने मीडियो को दी एक इंटरव्यू में खुद कहा था. इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था 'मैं एक्टर से बेहतर एक अच्छा कुक हूं.' बता दें कि उन्हें एक्टिंग के साथ-साथ कुकिंग का भी बहुत ही शौक था. वे खाना बनाने के लिए कुटा हुआ मसाला इस्तेमाल करते थे. उन्होंने इंटरव्यू में बताया कि उन्हें मटन बहुत ही पसंद है और वो भेजा, कलेजी, चिकन कीमा जैसी सारी चीजें बना लेते हैं. वहीं, वे एक साथ 200 लोगों का खाना भी बहुत ही आसानी से बना सकते हैं. इस इंटरव्यू के बाद से उनके मटन की रेसिपी काफी वायरल हो रही है.
यूट्यूब पर कई फूड क्रिएटर ने उनकी स्टाइल की मटन की रेसिपी री-क्रिएट करके शेयर की है. यहां हम नाना पाटेकर स्टाइल में मटन मसाला की रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं. यहां जानते हैं रेसिपी-
ऐसे तैयार करें मटन ग्रेवी
सबसे पहले तेल में तेजपत्ता, जीरा, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी जैसे खड़े मसालों का तड़का लगाएं. इसके बाद इसमें प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें और अदरक-लहसुन पेस्ट के साथ हरी मिर्च डालकर पकाएं. अब इसमें मटन डालें और तेज आंच पर अच्छी तरह भून लें, ताकि मसालों की परत मटन पर चढ़ जाए.
इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, नमक और दही डालकर मसाले को अच्छी तरह भूनें. फिर कटे हुए टमाटर और तैयार किया गया कुटा मसाला मिलाएं. इसे तब तक भुनें, जब तक मसाले से तेल अलग होने लगे. इसके बाद जरूरत के अनुसार गर्म पानी डालें और मटन को धीमी आंच पर पकने दें.
इस तरह करें सर्व
मटन अच्छी तरह गलने के बाद ऊपर से हरा धनिया डालें. ये मसालेदार ग्रेवी गर्मागर्म रोटी, तंदूरी रोटी या सादे चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. घर पर पारंपरिक तरीके से बना ये मटन ग्रेवी मसाला खास मौकों के लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है.
स्वाद का राज है कुटा हुआ मसाला
इस रेसिपी में जीरा, साबुत धनिया, काली मिर्च, लौंग, इलायची, दालचीनी और सूखी लाल मिर्च जैसे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. इन्हें हल्का भूनकर दरदरा कूट लिया जाता है. दरअसल, मोटा पीसा मसाला पकने के दौरान अपना फ्लेवर धीरे-धीरे छोड़ता है, जिससे ग्रेवी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
ये भी पढ़ें - नाना पाटेकर को थी कुकिंग से मोहब्बत, कहते थे 'मैं एक्टर से बेहतर कुक हूं', जानिए उनकी पसंदीदा डिशेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं