सर्दियों में आपने लड्डू तो बहुत खाएं होंगे गोंद के लड्डू, तिल के लड्डू, अलसी के लड्डू. लेकिन क्या मोरिंगा ड्राई फ्रूट लड्डू खाएं हैं. जी हां ये न सिर्फ स्वाद बल्कि पोषण से भी भरपूर हैं. क्योंकि मोरिंगा के पत्ते पोषक तत्वों का खजाना हैं. इसमें कैल्शियम दूध से ज्यादा, आयरन पालक से ज्यादा और विटामिन C संतरे से ज्यादा पाए जाने की बात कही जाती है और जब इसमें ड्राई फ्रूट्स मिल जाते हैं, तो ये लड्डू सुपरफूड बन जाते हैं. ठंड में रोज सुबह 1 लड्डू खाने से शरीर को कई समस्याओं से बचाने में मदद मिल सकती है. तो चलिए जानते हैं इन्हें बनाने का आसान तरीका.

कैसे बनाएं मोरिंगा ड्राई फ्रूट लड्डू- (Moringa Dry Fruit Laddu)
सामग्री-
- मोरिंगा पाउडर
- गेहूं का आटा
- घी
- गुड़
- बादाम
- काजू
- किशमिश
- अखरोट
- खजूर
- गोंद
- इलायची पाउडर
- सफेद तिल
विधि-
- मोरिंगा पाउडर को आप किराना दुकान पर, या ऑनलाइन खरीद सकते हैं, अगर घर में सहजन के पत्ते हैं, तो उनको सुखाकर भी पाउडर बना सकते हैं.
- लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में 1 चम्मच घी डालिए. उसमें बादाम, काजू, अखरोट डालकर हल्का भून लीजिए.
- ज्यादा देर मत भूनिए, बस 2-3 मिनट, जब तक खुशबू न आने लगे. अब इनको बाहर निकालकर ठंडा होने दीजिए.
- ठंडा होने पर मिक्सी में दरदरा पीस लीजिए. एकदम बारीक पाउडर मत बनाइए, दरदरा ही रखिए, ताकि लड्डू में क्रंच आए.
- किशमिश और खजूर को भी बारीक काट लीजिए.
- उसी कड़ाही में थोड़ा और घी डालिए घी गरम हो जाए, तो उसमें गोंद डाल दीजिए.
- गोंद फूलकर ऊपर आ जाएगा. गोंद को बाहर निकालकर ठंडा करके, हाथ से ही तोड़ लीजिए, या बेलन से थोड़ा कूट लीजिए.
- अब कड़ाही में बचा हुआ घी डालिए. उसमें गेहूं का आटा डाल दीजिए. मीडियम आंच पर चलाते हुए भूनिए.
- आटा भुनते-भुनते गोल्डन हो जाएगा, और घी की खुशबू आने लगेगी. जब आटा भुन जाए, तो गैस धीमी कर दीजिए, और उसमें मोरिंगा पाउडर डाल दीजिए.
- मोरिंगा पाउडर को ज्यादा देर नहीं भूनना है, बस 2 मिनट ही भूनना है.
- अब इसमें तिल डाल दीजिए, इलायची पाउडर डाल दीजिए.
- अब गैस बंद कर दीजिए. आटे को थोड़ा ठंडा होने दीजिए. आटा हल्का गरम हो, तब इसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ डाल दीजिए.
- गुड़ को हाथ से अच्छी तरह मिलाइए. गरम आटे में गुड़ अपने आप पिघल जाएगा.
- अब इसमें भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दीजिए, गोंद डाल दीजिए, कटी हुई किशमिश और खजूर डाल दीजिए.
- सबको हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिए. मिश्रण हल्का गरम ही है, तभी लड्डू बांध लीजिए.
- हाथ में थोड़ा सा घी लगाइए, थोड़ा सा मिश्रण लीजिए, और गोल-गोल लड्डू बना लीजिए.
- अगर मिश्रण ठंडा हो जाएगा, तो लड्डू नहीं बंधेंगे. इसलिए मिश्रण गरम रहते ही लड्डू बांध लीजिए.
- बस, आपके मोरिंगा ड्राई फ्रूट लड्डू तैयार हैं. एकदम हरे-भूरे रंग के, खुशबूदार लड्डू.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें- सर्दियों में आटे का लड्डू कैसे बनाएं? जानें ड्राई फ्रूट्स गोंद आटा लड्डू बनाने का देसी तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं